
HaldwaniNews | StudentFight | PoliceKotwali : कोचिंग सेंटर के बाहर छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद एक अनोखा मामला सामने आया। बेटे के दूसरे छात्र से मारपीट करने की जानकारी मिलने पर उसकी मां कोतवाली पहुंच गई…और पुलिस के सामने ही बेटे की चप्पलों से पिटाई कर दी।
जानकारी के अनुसार जेल रोड और बरेली रोड क्षेत्र में रहने वाले दो छात्र अलग-अलग स्कूलों में 12वीं कक्षा में पढ़ते हैं। शनिवार शाम दोनों एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने पहुंचे थे। कोचिंग के बाहर किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि बरेली रोड निवासी छात्र ने अपने कुछ साथियों के साथ दूसरे छात्र के साथ लात-घूंसों से मारपीट कर दी। मारपीट में घायल छात्र शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद आरोपी छात्र को कोतवाली बुलाया।
बेटे की हरकत की जानकारी मिलने पर उसकी मां भी कोतवाली पहुंच गई। बेटे को सामने देखते ही मां नाराज हो गई और पुलिस के सामने ही चप्पल उतारकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान कुछ देर तक कोतवाली में हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।
बाद में दोनों पक्षों के परिजनों के बीच बातचीत हुई…और समझौता हो गया। मामले में आगे की कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आई है।






