Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी में ‘शुद्धिकरण’ को लेकर शुरू हुआ विवाद अब उत्तराखंड हाईकोर्ट पहुंचा

Nainital High Court
Ad

Haldwani News | Uttarakhand High Court | Kharge Rally : हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ का मामला अब उत्तराखंड हाईकोर्ट पहुंच गया है। इस मामले में देहरादून निवासी सामाजिक कार्यकर्ता बैजनाथ की ओर से याचिका दायर की गई है। मामले में आगामी 7 सितंबर को सुनवाई होने की संभावना जताई जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad

याचिका में क्या कहा गया?

याचिकाकर्ता का कहना है कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा आयोजित हुई थी। इसके कुछ दिन बाद 11 अगस्त को कुछ लोगों ने मंच और मैदान में धार्मिक अनुष्ठान किया। इस दौरान वैदिक मंत्रों के साथ गंगाजल का छिड़काव किए जाने की बात सामने आई….जिसे ‘शुद्धिकरण’ कहा गया।

इस घटना के बाद राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया था। मामले को लेकर अलग-अलग दावे और स्पष्टीकरण सामने आए। कथित तौर पर धार्मिक नारों को लेकर भी चर्चा हुई।

समाज में विवाद बढ़ने की आशंका का दावा

याचिकाकर्ता की ओर से अदालत में कहा गया है कि इस तरह की घटना से समाज में वैमनस्य की स्थिति पैदा होने की आशंका है। पूरे घटनाक्रम को लेकर सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत भी जानकारी मांगे जाने की बात याचिका में कही गई है।

वीडियो और CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग

याचिकाकर्ता ने मामले से जुड़े सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की है। इनमें कार्यक्रम और घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग, CCTV फुटेज के अलावा इलेक्ट्रॉनिक तथा दस्तावेजी साक्ष्य शामिल हैं।

याचिका में राज्य सरकार को मामले में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देने की मांग भी की गई है।

कांग्रेस ने राज्यपाल को दिया था ज्ञापन

मामले को लेकर कांग्रेस की ओर से राज्यपाल को ज्ञापन दिए जाने की बात भी सामने आई है। कांग्रेस लगातार कथित शुद्धिकरण की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई और FIR दर्ज करने की मांग करती रही है।

वहीं भाजपा की ओर से कांग्रेस पर इस मामले को जातिगत रंग देने का आरोप लगाया गया है। इस तरह यह मामला अब राजनीतिक विवाद से आगे बढ़कर हाईकोर्ट तक पहुंच गया है।

अब सबकी नजर संभावित 7 सितंबर की सुनवाई पर है….जहां अदालत के सामने इस मामले से जुड़ी याचिका पर सुनवाई हो सकती है।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top