Dehradun News

हल्द्वानी के दो लोगों पर स्वास्थ्य अधिकारी बनकर सरकारी टेंडर के नाम पर ठगी का आरोप, देहरादून में केस दर्ज

Ad

Dehradun Fraud | Government Tender Scam | Health Department : स्वास्थ्य विभाग में सरकारी टेंडर और काम दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लोगों ने खुद को स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़ा अधिकारी बताकर शिकायतकर्ता को अपने प्रभाव में लिया। इसके बाद सरकारी काम दिलाने के नाम पर उससे रकम ली गई।

मामले में चंदन सिंह रावत की शिकायत पर नेहरू कॉलोनी थाने में दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी मुलाकात अतुल घुघत्याल से हुई थी। अतुल ने खुद को स्वास्थ्य महानिदेशक कार्यालय में कार्यरत बताया और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ शासन स्तर तक अपनी पहुंच होने का दावा किया। उसने चंदन को सरकारी टेंडर और विभागीय काम आसानी से दिलाने का भरोसा दिया।

इसके बाद अतुल ने चंदन की मुलाकात प्रकाश मेहरा उर्फ प्रकाश नेगी से कराई। आरोप है कि प्रकाश ने खुद को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का निदेशक बताया। दोनों ने चंदन को भरोसा दिलाया कि उनके प्रभाव के चलते उसे सरकारी टेंडर और अन्य विभागीय काम मिल सकते हैं।

टेंडर के नाम पर मांगी रकम

शिकायतकर्ता का आरोप है कि सरकारी काम दिलाने के नाम पर उससे रकम मांगी गई। चंदन के अनुसार, गवाहों की मौजूदगी में उसने आरोपियों को छह लाख 50 हजार रुपये नकद दिए। इसके करीब एक महीने बाद आरोपियों के कहने पर पांच लाख 88 हजार रुपये बिमला राठौर के एक्सिस बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए।

शिकायत के मुताबिक इस तरह कुल 12 लाख 38 हजार रुपये दिए गए। हालांकि कुछ समय बाद आरोपियों ने चंदन को केवल दो लाख रुपये वापस किए। बाकी रकम मांगने पर दोनों कथित तौर पर टालमटोल करने लगे।

रकम मांगने पर धमकी देने का आरोप

चंदन का आरोप है कि जब उसने अपनी बाकी रकम वापस मांगी तो अतुल ने उसके साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की शिकायत की।

चंदन ने पुलिस के सामने यह आशंका भी जताई है कि आरोपियों ने सरकारी काम और टेंडर दिलाने का झांसा देकर उत्तराखंड के दूसरे जिलों में भी अन्य लोगों से ठगी की हो सकती है।

पुलिस ने शुरू की जांच

नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी देवेंद्र चौहान के अनुसार, मामले में अतुल घुघत्याल उर्फ बहादुर सिंह बोरा कॉलोनी, कमलुवागांजा हल्द्वानी का निवासी बताया गया है। दूसरे आरोपी की पहचान प्रकाश मेहरा उर्फ प्रकाश नेगी के रूप में हुई है….जो वेस्ट खेड़ा, काठगोदाम का रहने वाला बताया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस आरोपियों की वास्तविक पहचान के साथ ही उनके द्वारा सरकारी अधिकारियों और विभागों से संबंध होने के किए गए दावों की भी पड़ताल कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर और कितने लोगों से रकम ली गई है।

फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top