National News

दिल्ली में फिर निर्भया जैसी दरिंदगी, सिर्फ पापा बोल पा रही है मासूम

नई दिल्लीः द्वारका में 6 साल की बच्ची से हुई निर्भया जैसी दरिंदगी ने फिर एक बार राजधानी को सन्न कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है लेकिन बच्ची की हालत अभी स्थिर बनी हुई है।

पिता का कहना है कि बच्ची सिर्फ पापा बोल पा रही है और कुछ नहीं। शनिवार को दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल भी उस बच्ची के घरवालों से मिले। उन्होंने 10 लाख की आर्थिक सहायता राशि के साथ न्याय दिलाने का वादा किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी मोहम्मद मन्ने कोई काम धंधा नहीं करता था। फिलहाल पुलिस ने उसे रेप और पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


छींकते हुए यूरिन कि समस्या,देखिए साहस होम्योपैथिक वीडियो टिप्स

बता दें कि बच्ची एक मंदिर में खेल रही थी। आरोपी वहीं से उस बच्ची को फ्रूटी दिलाने के बहाने लेकर गया, और दरिंदगी करके झाड़ियों में फेंककर भाग गया। लड़की किसी तरह सरकती-सरकती सड़क तक आई। वहां से गुजर रहे शख्स ने उसे देखकर पुलिस को बुलाया था।

पीड़ित के पिता ने बताया, ‘मेरे चार बच्चे हैं। बिटिया दूसरे नंबर की है। इकलौती लड़की है। कमरे का किराया और बच्चों को पालने के लिए पैसों की जरूरत है। इसलिए दोनों काम करते हैं। दो साल पहले काफी उम्मीदें लेकर दिल्ली आए थे। लेकिन यहां गरीब के लिए ज्यादा कुछ नहीं है। थोड़े दिन ठीक से चलता रहा, मगर अब बिटिया के साथ गलत काम हो गया।’


पीड़ित बच्ची के पिता ने बताया कि बच्ची की हालत अभी ठीक नहीं है। वह कल तक कुछ बोल नहीं पा रही थी। जज भी आई थीं। बच्ची कुछ बोल नहीं पा रही थी। यह देख कर जज ने कहा कि वह बाद में बयान लेने आएंगी।


घटना से दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति जय हिंद बेहद दुखी और खफा हैं। उनका कहना है कि रेप करने वालों के खिलाफ आंदोलन के बाद दोषियों के लिए फांसी का कानून बना है। मगर, यह कानून लागू नहीं हो पा रहा है। स्वाति का कहना है कि क्या दोबारा आंदोलन छेड़ना पड़ेगा, ताकि दोषियों को फांसी की सजा मिल सके।

सफदरजंग अस्पताल में भर्ती पीड़ित बच्ची को देखने स्वाति जय हिंद शुक्रवार सुबह पहुंचीं। बच्ची से मिलने के बाद उन्होंने कहा कि उस ‘निर्भया’ के शरीर के हर हिस्से में खरोंच और चोट के निशान हैं। जगह-जगह शरीर नोंचने के निशान रेप करने वाले के वहशीपन को उजागर करते हैं। बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है।

To Top