
Haldwani News | MBPG College | Campus Security : हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बुधवार को कॉलेज परिसर में एक युवक कथित तौर पर तमंचा लेकर पहुंच गया। युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर कुछ छात्रों ने उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से हथियार बरामद होने की बात सामने आई।
हथियार मिलने की खबर फैलते ही कॉलेज परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। छात्रों ने युवक को पकड़कर पहले उसकी पिटाई की और इसके बाद उसे प्राचार्य कक्ष में ले गए।
कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को दी सूचना
घटना की जानकारी मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। बरामद हथियार भी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छात्र बोले- परिसर में लगातार बढ़ रही अराजकता
घटना के बाद कॉलेज के छात्रों में नाराजगी देखने को मिली। छात्रों का आरोप है कि चुनावी गतिविधियों के बीच कॉलेज परिसर में लगातार विवाद और हंगामे की स्थिति बन रही है।
छात्रों ने प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी का घेराव कर परिसर में बाहरी और असामाजिक तत्वों के प्रवेश को लेकर सवाल उठाए। छात्रों का कहना है कि कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए….ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
बिना परिचय पत्र प्रवेश पर भी उठे सवाल
छात्रों ने कॉलेज में प्रवेश व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि प्रवेश प्रक्रिया लगभग पूरी होने के बावजूद परिसर में आने वाले लोगों के परिचय पत्र की नियमित जांच नहीं की जा रही है।
छात्रों का कहना है कि प्रवेश द्वार पर सख्ती और पहचान की जांच होने से बाहरी लोगों के अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाई जा सकती है।
प्राचार्य ने क्या कहा?
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने कहा कि बरामद तमंचा पुलिस को सौंप दिया गया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह कॉलेज परिसर में हथियार लेकर क्यों पहुंचा था।






