Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी: क्वारंटीन अवधि खत्म, युवती बोली परिवार नहीं प्रेमी के साथ जाऊंगी

Ad

हल्द्वानी: प्रशासन कोरोना वायरस से लोगों को बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है। दिन रात एक कर डॉक्टर अपनी मेहनत को कामयाबी में बदलने की कोशिशों में जुटे हुए हैं लेकिन कुछ लोग अभी इस वायरस को हल्के में ले रहे हैं। शहर में मुरादाबाद जिले के प्रेमी युगल को 28 दिनों से क्वारंटीन किया गया है। उन्हें पुलिस ने 4 अप्रैल को चंपावत से आते समय पकड़ा था। उनके साथ युवती के सगे चचरे भाई भी थे। इसके बाद सभी क्वारंटीन सेंटर में थे। समय पूरा होने के बाद जब घर जाने की बात आई तो युवती प्रेमी के साथ जाने की जिद करने लगी। युवती ने अपने भाइयों के साथ जाने से इनकार कर दिया। उसकी इस जिद ने प्रशासन को परेशान कर दिया। मामला एसएसपी के पास भी पहुंचा है और उन्होंने जांच की बात कही है।

खबर के अनुसार युवती मुरादाबाद जिले के भगतपुर क्षेत्र की है। उसने पुलिस को बताया कि वह शादीशुदा है और प्रेमी के साथ काशीपुर में रहेगी। क्वारंटीन की अवधि समाप्त होने पर युवती के परिजनों को जिला प्रशासन ने स्टेडियम से छोड़ दिया। प्रेमी एमबी इंटर कॉलेज में क्वारंटीन है। युवती अपने भाइयों के साथ जाने के लिए तैयार नहीं हुई। इस मामले में कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि इस मामले में आखिरी फैसले प्रशासन द्वारा लिया जाएगा।

युवती की जिद के बाद उसके पिता ने एसएसपी नैनीताल को पत्र लिखकर बताया कि उसकी बेटी दिमागी रूप से कमजोर है। उसने मुरादाबाद में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उसने कोतवाली थाने के दरोगा पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। इसके बाद कोतवाल से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि पुलिस ने किसी को नहीं रोका है। एडीएम द्वारा पूछताछ की जा रही है। हमारा काम लोगों को सुरक्षा देना है और हम वह कर रहे हैं।

इस मामले में एसएसपी सुनील कुमार मीणा ने बताया कि युवती बालिग है और उसे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। मजिस्ट्रेट के आदेशानुसार आगे की कार्यवाही पुलिस करेगी। युवती का कहना है कि उसने कोर्ट मैरिज कर ली है और पति के साथ जाएगी। इस विषय में उसने एडीएम को प्रार्थनापत्र दिया है। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच पुलिस करेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top