Nainital-Haldwani News

नैनीताल: खुटानी से भवाली- स्टेट हाइवे 64 सुबह 11 से शाम 4 बजे तक रहेगा बंद

नैनीताल: स्टेट हाइवे 5 घंटे के लिए होगा बंद, वैकल्पिक मार्ग का लेना होगा सहारा

नैनीताल:लोनिवि के भवाली खण्ड के अन्तर्गत राज्य मार्ग संख्या 64 में खुटानी से भवाली प्रभाग के अन्तर्गत किलोमीटर एक से सात तक एसडीबीसी से नवीनीकरण का कार्य प्रारम्भ हो रहा है। इस दिशा में डीएम सविन बंसल ने अहम जानकारी दी है। मार्ग 12 जून से 21 जून तक पांच घंटे के लिए बंद रहेगा। वाहनों के आवागमन को जारी रखने के लिए रूट डाइवर्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि सम्बन्धित मार्ग में निर्माण कार्य को दृष्टिगत रखते हुए प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक सभी प्रकार का यातायात प्रतिबन्धित रहेगा। इस अवधि मे वैकल्पिक मार्ग में यातायात भवाली-ज्योलीकोट-रानीबाग मार्ग से संचालित किया जायेगा।

डीएम बंसल ने अधिशासी अभियन्ता लोनिवि भवाली को निर्देश दिए हैं कि वह कोविड-19 संक्रमण के दृष्टिगत निर्गत दिशा निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुये कार्य सम्पादित करायें। श्रमिकों को अनिवार्य रूप से मास्क व सेनिटाजर दिये जाए तथा सामाजिक दूरी को भी बनाये रखा जाए। उन्होने कहा कि मार्ग मे कार्य करते समय समस्त सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जाए। इसमे किसी प्रकार की लापरवाही ना हो, अधिशासी अभियन्ता यह भी सुनिश्चित करेंगे कि प्रतिबंधित अवधि मे अतिरिक्त मार्ग मे यातायात सुचारू रूप से संचालित हो।

To Top