
Haridwar News | Kumbh Mela 2027 | Uttarakhand Police : धर्मनगरी हरिद्वार में हरकी पैड़ी क्षेत्र में श्रद्धालुओं को परेशान करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने रास्ता रोककर जबरन भीख मांगने के आरोप में 31 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ भिक्षुक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक हरकी पैड़ी क्षेत्र में गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को कुछ लोग रास्ते में रोककर भीख मांगने के लिए परेशान कर रहे थे। शिकायतों और ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने यह अभियान चलाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को हरकी पैड़ी और घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों पर कार्रवाई की। इस दौरान जबरन भीख मांगने और श्रद्धालुओं को परेशान करने के आरोप में 31 लोगों को पकड़ा गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने देश के अलग-अलग हिस्सों से हरिद्वार पहुंच रहे श्रद्धालुओं से भी सतर्क रहने की अपील की है। खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल फोन, पर्स, आभूषण और अन्य कीमती सामान संभालकर रखने को कहा गया है।
इसके साथ ही लोगों को भीड़ में सक्रिय जेबकतरों और चोरों से सावधान रहने की सलाह दी गई है।
हरिद्वार में अगले साल कुंभ मेले का आयोजन प्रस्तावित है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, घाटों की व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर तैयारियां तेज की जा रही हैं।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन की बैठक में निर्माण कार्यों, पार्किंग, घाटों की सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं और स्वच्छता जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए।
कुंभ से पहले हरकी पैड़ी क्षेत्र में पुलिस की इस कार्रवाई को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।



