
Haridwar : IB Officer : Crime News : उत्तराखंड के हरिद्वार में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एक वरिष्ठ अधिकारी पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। यहां तैनात एसपी सीपी नौटियाल पर उनके ही चालक ने गोली चला दी। गोली उनके माथे के पास से निकल गई…जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक एसपी सीपी नौटियाल कनखल थाना क्षेत्र स्थित आईबी के क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात हैं। बताया जा रहा है कि अधिकारी और उनके चालक के बीच पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। इसी नाराजगी के चलते चालक ने कथित तौर पर एसपी पर फायरिंग कर दी।
गोली चलने की आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अधिकारी को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जानकारी में आपसी नाराजगी को हमले की वजह बताया जा रहा है हालांकि गोली चलाने के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
गौरतलब है कि शनिवार को हरिद्वार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली से कई मंत्री, विधायक और सांसद समेत बड़ी संख्या में वीआईपी हरिद्वार पहुंचे थे। शहर में वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था के बीच आईबी अधिकारी पर फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।





