CM Corner

उत्तराखंड: BJP की बड़ी बैठक, सात मोर्चों को मिला बड़ा टारगेट

Ad

Uttarakhand BJP : Assembly Election 2027 : Pushkar Singh Dhami : उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में हरिद्वार के प्रेम नगर आश्रम में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश विस्तारित कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad

बैठक के पहले दिन पार्टी के सातों मोर्चों और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से जुटने का संदेश दिया। शाम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी बैठक में शामिल हुए और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ चर्चा की।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा ने अपने सभी सात मोर्चों को एक-एक लाख नए लोगों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य दिया है। इसके लिए बूथ स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। पार्टी चाहती है कि युवा, महिला, ओबीसी और अनुसूचित वर्ग समेत समाज के सभी वर्गों की भागीदारी संगठन में बढ़े।

उन्होंने कहा कि दिसंबर के अंत तक जिलों में मोर्चों की कार्यसमिति की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही ब्लॉक स्तर तक संगठन की गतिविधियों को विस्तार दिया जाएगा। इन बैठकों की तारीखें भी जल्द घोषित की जाएंगी।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि दूसरे राजनीतिक दलों के कई लोग भाजपा के संपर्क में हैं…लेकिन संगठन की प्राथमिकता समाज के अलग-अलग वर्गों को पार्टी से जोड़ने की है। इसके लिए सभी मोर्चों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी का फोकस बूथ स्तर पर संगठन की पकड़ मजबूत करने पर रहेगा।

दो दिवसीय कार्यसमिति के दूसरे दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी हरिद्वार पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके संबोधन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह है।

वहीं उत्तराखंड भाजपा की सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार लगातार विकास कार्य कर रही है। उन्हें विश्वास है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी जनता भाजपा का समर्थन करेगी। उन्होंने बताया कि बैठक में चुनावी रणनीति और संगठन की मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है।

भाजपा की इस बैठक को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को चुनावी मोड में लाने की अहम कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
To Top