
Haridwar : Police Accident : Laksar : लक्सर क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड पुलिस की डायल 112 टीम के चार जवान घायल हो गए। बालावाली तिराहे पर सड़क किनारे खड़ी पुलिस की स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की गाड़ी ट्रक के साथ करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना शनिवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच लक्सर कोतवाली क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि डायल 112 की स्कॉर्पियो बालावाली तिराहे पर ड्यूटी के लिए सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पुरकाजी से लक्सर होते हुए रायसी की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उसमें टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर से स्कॉर्पियो के शीशे टूटकर सड़क पर बिखर गए। गाड़ी का पिछला हिस्सा और ड्राइवर सीट की तरफ का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद पुलिसकर्मी वाहन के अंदर ही फंस गए।
मौके पर पहुंचे लोगों ने ट्रैक्टर की मदद से दोनों वाहनों को अलग कराया और काफी मशक्कत के बाद घायल पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।
इस हादसे में सीनियर सब-इंस्पेक्टर (SSI) राजेश बिष्ट, प्रदीप धीमान, कपिल गोला और मनोज मिनान घायल हुए हैं। राजेश बिष्ट के पैर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं बाकी तीन पुलिसकर्मियों का लक्सर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण कौशियारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।





