
Indian Rat Snake | Snake Rescue | Vikasnagar News | Dehradun News | Wildlife Rescue | Forest Department | Kalsi Forest Division | Snake Conservation | Uttarakhand News | Wildlife Protection : कालसी वन प्रभाग की चौहड़पुर रेंज में वन विभाग के संविदा कर्मी और सर्प मित्र आदिल मिर्जा ने चार इंडियन रैट स्नेक का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार डाकपत्थर की डांडा कॉलोनी में इंडियन रैट स्नेक का एक जोड़ा दिखाई देने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही आदिल मिर्जा मौके पर पहुंचे और दोनों सांपों को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद छरबा और विकासनगर की दुर्गा विहार कॉलोनी से भी दो अन्य इंडियन रैट स्नेक का रेस्क्यू किया गया।
रेस्क्यू के बाद सभी सांपों को आरक्षित वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया…ताकि वे प्राकृतिक वातावरण में रह सकें और किसी प्रकार के खतरे से दूर रहें।
आदिल मिर्जा ने कहा कि लोगों में वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। अब लोग सांप दिखने पर उन्हें नुकसान पहुंचाने के बजाय वन विभाग या सर्प मित्रों को सूचना दे रहे हैं…जिससे वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार इंडियन रैट स्नेक एक गैर-विषैला (बिना जहर वाला) सांप होता है। यह खेतों और आसपास के क्षेत्रों में चूहों तथा अन्य हानिकारक जीवों को खाकर फसलों की रक्षा करता है। इसी कारण इसे किसानों का मित्र भी कहा जाता है।






