Uttarakhand News

उत्तराखंड में गर्मी करेगी परेशान, सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश

Weather Update
Ad

Uttarakhand: Weather: Heat Wave: उत्तराखंड इन दिनों भीषण गर्मी और हीट वेव की चपेट में है। राज्य के मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी पारे में अप्रत्याशित बढ़ोतरी से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक मैदानी क्षेत्रों और उनसे सटे पहाड़ी इलाकों में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है।

ADVERTISEMENTS Ad

सोमवार को राजधानी देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में दिनभर चटक धूप खिली रही और दोपहर के समय लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। लगातार दूसरे दिन देहरादून का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस महीने अब तक चार दिन तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ों में भी तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने, हल्की बूंदाबांदी और यमुनोत्री समेत कुछ चोटियों पर हल्का हिमपात होने की सूचना भी मिली है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन के साथ बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि बाकी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। जिला नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे सक्रिय रखने, अस्पतालों में ओआरएस, दवाइयों और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं नगर निकायों को सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल, प्याऊ, अस्थायी शेड और विश्राम स्थलों की व्यवस्था करने को कहा गया है।

मौसम विभाग ने 29 और 30 मई को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज अंधड़ और ओलावृष्टि की संभावना जताई है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top