Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी में तापमान फिर से 40 पार, शहर में रहने वाले लोगों को है बारिश का इंतजार

Ad

Uttrakhand weather report:- उत्तराखंड राज्य में बीते दिनों हुई बरसात के कारण पहाड़ी और मैदानी क्षेत्र में लोगों को गर्मी से राहत मिलती नजर आई। मगर एक बार फिर प्रदेश में तापमान में वृद्धि दर्ज होने लगी है। हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्र में बुधवार को तापमान 40 डिग्री के पार तक पहुंच गया। यहां भीषण गर्मी और लू ने लोगों के पसीने छोड़ दिए। बताते चलें कि प्रचंड गर्मी के कारण इस वर्ष में मई में अधिकतम पारा 4 वर्षों के मुकाबले सर्वाधिक रिकॉर्ड किया गया है।

ADVERTISEMENTS Ad

हल्द्वानी में मंगलवार को तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन 24 घंटे में ही गर्मी का ऐसा प्रकोप देखने को मिला कि पारा 40.5 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम पारा 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बताते चलें कि 10 दिन पहले 5 मई को शहर का तापमान 40 डिग्री रहा था। लेकिन उसके बाद बदले मौसम के मिजाज के कारण पारे में गिरावट दर्ज की गई और तापमान 31 डिग्री तक लुढ़क गया था। हालांकि उसके बाद से शहर में लगातार गर्मी के प्रकोप में वृद्धि होती आ रही है। बात पिछले साल मई के महीने में गर्मी की करें तो साल 2023 में पारा 38.2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया था। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉक्टर आर. के. सिंह की माने तो आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि देखने को मिल सकती है और लू का प्रभाव भी बने रहने की संभावना है।

पहाड़ों में बारिश से मौसम हुआ सुहाना

उत्तराखंड में एक और जहां मैदानी इलाके तप रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पहाड़ी इलाकों में बादल व बारिश के कारण मौसम सुहाना बना हुआ है। बुधवार को अल्मोड़ा जिले के कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई। पूरे दिन भर मौसम पल पल करवट बदलता रहा। बुधवार की सुबह जहां लोगों के दिन की शुरुआत तेज धूप के तपिश के साथ हुई, वहीं दोपहर बाद अचानक आसमान में बादल छा गए और कई जगहों पर बारिश भी देखने को मिली। बुधवार को अल्मोड़ा जिले में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 16 डिग्री दर्ज किया गया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top