Dehradun News

उत्तराखंड में मौसम विभाग का बारिश को लेकर अपडेट, कई जिलों में बारिश के आसार

uttarakhandWeatherUpdate
Ad

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून ने पूरी ताकत के साथ दस्तक दी है। बीते कुछ दिनों से जारी रुक-रुक कर बारिश के सिलसिले ने अब तेज़ रफ्तार पकड़ ली है, जिससे राज्यभर में जनजीवन पर असर पड़ रहा है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी 24 घंटे बेहद संवेदनशील माने हैं और राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

ADVERTISEMENTS Ad

विशेष रूप से देहरादून, रुद्रप्रयाग, टिहरी और बागेश्वर जिलों के कुछ इलाकों में आज तेज गर्जना के साथ मूसलाधार बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जनपदों के लिए येलो अलर्ट के तहत लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

राजधानी देहरादून में सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी हुई है और दोपहर के समय कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

नैनीताल जिले के रामनगर में मौसम ने अचानक करवट ली और दोपहर होते-होते आसमान काले बादलों से ढक गया। तेज गर्जना के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दी, लेकिन इसके साथ ही कई समस्याएं भी पैदा हो गईं।

बारिश के चलते रामनगर-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बेलगढ़ नाला उफान पर आ गया है। नाले में पानी का बहाव इतना तेज़ है कि दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। प्रशासन ने हालात को देखते हुए फिलहाल वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। राहगीर और वाहन चालक सड़क किनारे पानी के स्तर के कम होने का इंतज़ार कर रहे हैं।

उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिज़ाज अचानक बदल रहा है। ऐसे में प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेना बेहद जरूरी है। विशेषकर पर्वतीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। यदि आप यात्रा की योजना बना रहे हैं तो पहले मौसम अपडेट जरूर चेक करें और अत्यावश्यक होने पर ही बाहर निकलें।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top