Dehradun News

कुमाऊं में भारी बारिश का कहर, पुल बहा और कई सड़कें बंद, 50 से अधिक गांवों का संपर्क प्रभावित

Ad

Uttarakhand | Kumaon division | HeavyRain : उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। सबसे ज्यादा असर पिथौरागढ़ जिले में देखने को मिला…जहां कई जगह भूस्खलन होने से सड़कें बंद हो गईं और एक पैदल पुल तेज बहाव में बह गया। इससे 50 से अधिक गांवों का संपर्क धारचूला तहसील मुख्यालय से प्रभावित हुआ।

बारिश के कारण चीन सीमा को जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर मलबा आने से बाधित हो गया। हालांकि प्रशासन ने मार्ग खोलने का प्रयास किया…लेकिन लगातार हो रही बारिश के चलते रास्ता बार-बार बंद हो रहा है।

टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर तवाघाट के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। वहीं आदि कैलाश यात्रा मार्ग के मलघाट क्षेत्र में भी लगातार पत्थर गिरने से आवाजाही जोखिम भरी बनी हुई है। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा करने की सलाह दी है।

कैलास मानसरोवर मार्ग पर भी कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। तवाघाट-सोबला-तिदांग सीमा मार्ग पर चार से पांच जगह मलबा आने से आवाजाही प्रभावित हुई। धारचूला क्षेत्र में घटखोला और सीनियाखोला को जोड़ने वाला पैदल पुल बह जाने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लगातार बारिश के चलते आदि कैलाश यात्रा पर निकले कुछ श्रद्धालुओं और सीमा क्षेत्र की ओर जाने वाले वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया। प्रशासन के अनुसार फिलहाल कोई यात्री रास्ते में फंसा नहीं है।

बीती रात क्षेत्र में 82 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लोक निर्माण विभाग के अनुसार जिले में एक राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कुल 13 सड़कें बंद हैं। इन्हें खोलने के लिए विभाग की टीमें लगातार राहत और बहाली कार्य में जुटी हुई हैं…लेकिन खराब मौसम के कारण काम प्रभावित हो रहा है।

प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में भी भारी बारिश की संभावना जताई है…जिससे स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top