
High Court : Haldwani : Uttarakhand : उत्तराखंड हाईकोर्ट को नैनीताल से हल्द्वानी स्थानांतरित करने की प्रक्रिया अब आगे बढ़ गई है। राज्य सरकार ने हल्द्वानी के लामाचौड़ क्षेत्र में नए हाईकोर्ट परिसर के निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। इसके बाद नए परिसर के निर्माण से जुड़ी आगे की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
लामाचौड़ में 30 हेक्टेयर जमीन पर बनेगा परिसर
सरकार के आदेश के अनुसार लामाचौड़ क्षेत्र में कुल 73 हेक्टेयर वन भूमि में से 30 हेक्टेयर जमीन हाईकोर्ट परिसर के लिए प्रस्तावित है। यह स्थान हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग से जुड़ा हुआ है और बेल बाबा मंदिर के पास स्थित बताया गया है।
इससे पहले वर्ष 2023 में गौलापार में करीब 26.08 हेक्टेयर भूमि पर हाईकोर्ट बनाने की सैद्धांतिक और प्रशासनिक मंजूरी दी गई थी। अब इस प्रस्ताव में बदलाव करते हुए हाईकोर्ट परिसर के लिए लामाचौड़ की जमीन को चुना गया है।
अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद लिया गया फैसला
लामाचौड़ की जमीन को लेकर हाईकोर्ट के महानिबंधक की रिपोर्ट और नैनीताल जिलाधिकारी की स्थल निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने प्रस्ताव पर विचार किया। इसके बाद राज्यपाल की ओर से प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई।
अब लोक निर्माण विभाग समेत संबंधित विभागों को आगे की प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं…ताकि नए हाईकोर्ट परिसर के निर्माण का काम आगे बढ़ाया जा सके।
नैनीताल में मौजूद परिसर का क्या होगा?
सरकार के आदेश के मुताबिक हल्द्वानी में नया हाईकोर्ट परिसर तैयार होने और वहां से काम शुरू होने के बाद नैनीताल स्थित मौजूदा न्यायिक परिसर का इस्तेमाल राज्य सरकार अपने स्तर पर कर सकती है। इसके प्रशासनिक उपयोग या अन्य संभावित उपयोग को लेकर आगे फैसला लिया जाएगा।
हाईकोर्ट शिफ्ट होने की प्रक्रिया अब तेज
सरकार के इस फैसले के बाद उत्तराखंड हाईकोर्ट को नैनीताल से हल्द्वानी स्थानांतरित करने की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है। हालांकि नए परिसर का निर्माण पूरा होने और वहां हाईकोर्ट का संचालन शुरू होने तक मौजूदा व्यवस्था नैनीताल में ही रहेगी।






