
SBI Clerk Recruitment | Bank Jobs | Government Jobs: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने जूनियर एसोसिएट (कस्टमर सपोर्ट एंड सेल्स) के 9,124 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। आवेदन प्रक्रिया 11 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है। योग्य उम्मीदवार 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा सितंबर 2026 और मुख्य परीक्षा नवंबर 2026 में होने की संभावना है।
कितने पदों पर भर्ती?
इस भर्ती में कुल 9,124 पद शामिल हैं। इनमें 7,680 नियमित और 1,444 बैकलॉग पद हैं। भर्ती अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सर्किल में होगी। उम्मीदवार केवल एक राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की रिक्तियों के लिए आवेदन कर सकेंगे।
कौन कर सकता है आवेदन?
उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। अंतिम वर्ष या अंतिम सेमेस्टर के विद्यार्थी भी निर्धारित शर्तों के साथ आवेदन कर सकते हैं। ऐसे उम्मीदवारों को 31 दिसंबर 2026 तक स्नातक उत्तीर्ण होने का प्रमाण देना होगा।
आयु सीमा 1 अप्रैल 2026 को 20 से 28 वर्ष रखी गई है। यानी उम्मीदवार का जन्म 2 अप्रैल 1998 से 1 अप्रैल 2006 के बीच होना चाहिए। आरक्षित वर्गों को नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।
कैसे होगा चयन?
SBI Clerk भर्ती में चयन तीन चरणों में होगा।
पहला चरण– प्रारंभिक परीक्षा: प्रीलिम्स ऑनलाइन वस्तुनिष्ठ परीक्षा होगी। इसमें कुल 100 प्रश्न और 100 अंक होंगे। परीक्षा की अवधि एक घंटे होगी।
अंग्रेजी भाषा: 30 प्रश्न, 30 अंक
संख्यात्मक योग्यता: 35 प्रश्न, 35 अंक
तर्क क्षमता: 35 प्रश्न, 35 अंक
गलत उत्तर पर निर्धारित अंक का एक-चौथाई अंक काटा जाएगा।
दूसरा चरण– मुख्य परीक्षा: मुख्य परीक्षा 200 अंकों की होगी और इसकी अवधि 2 घंटे 40 मिनट होगी। इसमें सामान्य एवं वित्तीय जागरूकता, सामान्य अंग्रेजी, मात्रात्मक योग्यता और रीजनिंग-कंप्यूटर योग्यता से सवाल पूछे जाएंगे।
तीसरा चरण- स्थानीय भाषा परीक्षा: जिस राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के लिए उम्मीदवार आवेदन करेगा…वहां की निर्धारित स्थानीय भाषा का ज्ञान जरूरी होगा। 10वीं या 12वीं में संबंधित स्थानीय भाषा नहीं पढ़ने वाले उम्मीदवारों को नियुक्ति से पहले भाषा दक्षता परीक्षा देनी होगी।
कितनी मिलेगी सैलरी?
जूनियर एसोसिएट पद पर शुरुआती मूल वेतन 26,730 बताया गया है। इसमें स्नातक उम्मीदवारों के लिए दो अग्रिम वेतन वृद्धि भी शामिल हैं। महानगर में भत्तों को जोड़ने के बाद शुरुआती कुल वेतन करीब 46,000 प्रतिमाह तक हो सकता है।
इसके अलावा कर्मचारियों को भविष्य निधि, नई पेंशन योजना, चिकित्सा सुविधा, अवकाश यात्रा सुविधा और अन्य बैंक नियमों के अनुसार लाभ मिलेंगे।
आवेदन शुल्क
सामान्य/OBC/EWS: 750
SC/ST/PwBD/XS/DXS: कोई शुल्क नहीं
शुल्क का भुगतान ऑनलाइन किया जा सकता है।
जरूरी तारीखें
आवेदन शुरू: 11 अगस्त 2026
आवेदन की अंतिम तारीख: 31 अगस्त 2026
प्रारंभिक परीक्षा: सितंबर 2026 संभावित
मुख्य परीक्षा: नवंबर 2026 संभावित
कुल पद: 9,124
उम्मीदवार आवेदन करने से पहले SBI की आधिकारिक भर्ती अधिसूचना में पात्रता, आयु सीमा, स्थानीय भाषा, शुल्क और अन्य नियमों की पूरी जानकारी जरूर जांच लें।






