
IMDAlert | UttarakhandRain | FlashFlood : उत्तराखंड में एक बार फिर भारी बारिश को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 31 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश के साथ जलभराव और अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा बना हुआ है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने सभी संबंधित जिलों के प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। सभी राहत और बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारियों से कहा गया है कि संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखें और स्थानीय प्रशासन को पूरी तरह सक्रिय रखें। यदि किसी सड़क पर भूस्खलन या मलबा आने से यातायात बाधित होता है तो उसे जल्द से जल्द बहाल किया जाए। साथ ही पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग और बीआरओ समेत सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए भी कहा है। यदि किसी क्षेत्र में मौसम की स्थिति गंभीर होती है….तो स्थानीय प्रशासन परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक निर्णय ले सकेगा।
आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें। नदी, नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से भी बचने की सलाह दी गई है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में लोग तुरंत राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (1070), जिला आपदा नियंत्रण कक्ष (1077) या आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क करें। उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।






