National News

भारत की अरुंधति चौधरी फाइनल में, अब गोल्ड मेडल से सिर्फ एक जीत दूर

Ad

ArundhatiChoudhary | CommonwealthGames | IndianBoxing : भारतीय महिला मुक्केबाज अरुंधति चौधरी ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 70 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने इंग्लैंड की रोजी रसेल को 4-0 से हराकर स्वर्ण पदक की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया।

शुक्रवार शाम खेले गए मुकाबले में अरुंधति ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले दो राउंड में उन्होंने निर्णायकों का भरोसा जीत लिया। तीसरे राउंड में भी अधिकांश निर्णायकों ने उनके पक्ष में फैसला दिया…जिसके चलते उन्होंने 4-0 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

अब अरुंधति चौधरी का मुकाबला 1 अगस्त को फाइनल में इंग्लैंड की चैंटेल रीड से होगा। चैंटेल ने दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया की लेकीशा पेरगोलिटी को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया है। भारतीय समयानुसार यह मुकाबला रात 9:30 बजे खेला जाएगा।

अरुंधति की इस उपलब्धि से उनके परिवार और कोटा में खुशी का माहौल है। उनके पिता सुरेश चौधरी ने विश्वास जताया कि उनकी बेटी फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक जीत सकती है। उनकी मां ने भी बेटी की सफलता पर गर्व जताया।

गौरतलब है कि अरुंधति ने इससे पहले क्वार्टर फाइनल में न्यूजीलैंड की मॉर्गन हेंडरसन को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। वर्तमान में वह भारतीय सेना में हवलदार के पद पर कार्यरत हैं और लगातार अपने प्रदर्शन से देश का नाम रोशन कर रही हैं।

अब पूरे देश की निगाहें 1 अगस्त को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं…जहां अरुंधति के पास राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने का सुनहरा मौका होगा।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top