
IRCTC | Bharat Gaurav | Religious Tour : धार्मिक यात्रा करने की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने दो नए विशेष पर्यटन पैकेज शुरू किए हैं। इन पैकेजों के तहत भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों और चार ज्योतिर्लिंगों की यात्रा कराई जाएगी।
पहला पैकेज 31 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक 11 रात और 12 दिन का होगा। इस यात्रा में श्रद्धालु तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम स्थित रामनाथस्वामी मंदिर, मदुरै का मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर सकेंगे।
दूसरा पैकेज 17 अगस्त से 26 अगस्त 2026 तक 9 रात और 10 दिन का रहेगा। इसमें महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर और सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के साथ द्वारकाधीश मंदिर, भेंट द्वारका, सिग्नेचर ब्रिज और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भ्रमण भी शामिल किया गया है।
भारत गौरव ट्रेन गोरखपुर से रवाना होगी और रास्ते में मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर, झांसी और ललितपुर समेत कई स्टेशनों से यात्री यात्रा में शामिल हो सकेंगे।
दोनों पैकेजों में स्लीपर, 3 एसी और 2 एसी श्रेणी में यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा शाकाहारी भोजन, नाश्ता और स्थानीय दर्शनीय स्थलों के भ्रमण के लिए बस की व्यवस्था भी पैकेज में शामिल होगी।
दक्षिण भारत यात्रा के लिए स्लीपर श्रेणी का किराया 23,560 रुपये, 3 एसी का 39,100 रुपये और 2 एसी का 51,760 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। वहीं चार ज्योतिर्लिंग यात्रा के लिए स्लीपर का किराया 18,380 रुपये, 3 एसी का 29,570 रुपये और 2 एसी का 38,870 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।
यात्रियों को एलटीसी और ईएमआई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इच्छुक लोग ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से या IRCTC कार्यालय से संपर्क कर यात्रा में अपना स्थान सुरक्षित कर सकते हैं।






