Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी: जसपुर-टनकपुर के बीच चलेंगी उत्तराखंड परिवहन की बसें, जिप्सी संचालन को भी मिली मंजूरी

Ad

Transport Authority | Jaspur-Tanakpur | Corbett Tourism | Haldwani : कुमाऊं मंडल में परिवहन और पर्यटन सुविधाओं को बढ़ाने के लिए संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। गुरुवार को हल्द्वानी के सर्किट हाउस में मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में नए बस और टैक्सी परमिट को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में सबसे अहम फैसला जसपुर से टनकपुर के बीच उत्तराखंड परिवहन की बसों के संचालन को लेकर हुआ। प्राधिकरण ने इस मार्ग पर रोडवेज बसें चलाने की अनुमति दे दी है। इससे इस रूट पर यात्रियों को परिवहन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा जसपुर-फाटो रेंज में 10 जिप्सियों के संचालन की अनुमति दी गई है। वहीं वन विभाग की पहले से लिखित सहमति के आधार पर जिम कॉर्बेट क्षेत्र में 8 जिप्सियां चलाने की भी अनुमति दी गई।

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार 24 महिला जिप्सी संचालकों को भी जिप्सी संचालन की अनुमति देने पर बैठक में सहमति बनी है। इससे पर्यटन क्षेत्र में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का रास्ता भी खुलेगा।

मंडलायुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परमिट जारी करने की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी रखा जाए। उन्होंने कहा कि परिवहन और पर्यटन से जुड़े लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। परमिट से जुड़े प्रस्तावों की जांच कर नियमानुसार समय पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

कॉर्बेट और दूसरे पर्यटन क्षेत्रों में जिप्सियों की संख्या को लेकर भी मंडलायुक्त ने वन विभाग से विस्तृत जानकारी मांगी है। इसमें मौजूदा जिप्सियों की संख्या और पर्यटकों की संख्या के आधार पर कितनी जिप्सियों की जरूरत है इसका विवरण लिया जाएगा। इस रिपोर्ट की जांच के बाद अगली बैठक में आगे का फैसला किया जाएगा।

बैठक में अलग-अलग मार्गों पर बस संचालन की मांग की भी समीक्षा करने के निर्देश दिए गए…ताकि जहां जरूरत हो वहां परिवहन परमिट जारी किए जा सकें।

वहीं निर्धारित रूट से अलग या तय मार्ग के विपरीत वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई करने का फैसला भी लिया गया।

Ad
To Top