Dehradun News

डिवाइडर से टकराई कांवड़ियों की बाइक, मौके पर दो की मौत!

accident
Ad

देहरादून: सावन माह की आस्था यात्रा उस वक्त मातम में बदल गई जब आज सुबह भानियावाला फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार में जा रही कांवड़ियों की बाइक अचानक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक पर सवार दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

ADVERTISEMENTS Ad

मिली जानकारी के मुताबिक स्प्लेंडर बाइक पर सवार पांच कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर देहरादून की ओर लौट रहे थे। तभी भानियावाला फ्लाईओवर पर बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें तुरंत दून अस्पताल पहुंचाया गया। जबकि एक अन्य घायल को सीएचसी डोईवाला भेजा गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और घायलों को अस्पताल भिजवाया।

डोईवाला कोतवाल कमल कुमार लुंठी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि बाइक के डिवाइडर से टकराने के चलते दो कांवड़ियों की मौत हुई है और अन्य घायल हुए हैं। मृतक व घायल कांवड़िए देहरादून के रायपुर क्षेत्र की छह नंबर पुलिया के रहने वाले बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।

पुलिस ने कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का विशेष ध्यान रखें और वाहन धीरे चलाएं ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top