CM Corner

छात्रों ने CM धामी से पूछे ये सवाल, अग्निवीर से AI तक सामने आई सरकार की तैयारी

Ad

Youth | Kashipur | CM Dhami : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में 17 स्कूलों के 1,400 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान छात्रों ने रोजगार, शिक्षा, अग्निवीर, साइबर अपराध और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में युवाओं की भूमिका अहम है। युवाओं की सोच, नए विचार और कुछ अलग करने की इच्छा राज्य के विकास को नई दिशा दे सकती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं के सपने छोटे नहीं हैं और सरकार का प्रयास है कि प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त अवसर मिलें।

सीएम धामी ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के साथ युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने पर काम कर रही है। सरकारी स्कूलों में वर्चुअल क्लासरूम की सुविधा का विस्तार किया जा रहा है। राज्य में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित हैं….और इनमें एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है।

उन्होंने कहा कि छात्राओं के लिए नंदा गौरा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है। देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी विकसित की जा रही है। इसके अलावा स्कूलों में STEM लैब, विज्ञान और नवाचार से जुड़ी गतिविधियों तथा बाल विज्ञान कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि युवा सिर्फ नौकरी तलाशने वाले न बनें….बल्कि रोजगार देने वाले भी बनें। इसके लिए स्टार्टअप, इनोवेशन और जरूरत के अनुसार कौशल विकास पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई और रोजगार के लिए अपने घर और पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो, इसके लिए राज्य में स्थानीय स्तर पर अवसर बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल नीतियों और खेल परिसरों के विकास का भी जिक्र मुख्यमंत्री ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, पढ़ाई और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की अपील की और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही।

कार्यक्रम में छात्रों ने मुख्यमंत्री से अलग-अलग विषयों पर सवाल किए। शौर्य ने युवा आयोग को लेकर सवाल किया…जबकि दक्ष ने उत्तराखंड में रोजगार और पलायन से जुड़े मुद्दे पर बात की। चंद्रा ने अग्निवीरों के भविष्य को लेकर सवाल पूछा। खुशी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक से जुड़े विषय पर सवाल रखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीरों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए अग्निवीर सेल का गठन किया जा रहा है। वहीं AI को उन्होंने चुनौती के साथ एक अवसर भी बताया और युवाओं से बदलती तकनीक के साथ खुद को अपडेट रखने की अपील की।

साइबर अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर भी छात्रों ने सवाल किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है। भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल एप के माध्यम से की जा सकती है। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने की व्यवस्था भी बताई गई।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इससे बचाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने उत्तराखंड के विकास और युवाओं के भविष्य से जुड़े कई सुझाव भी दिए।

कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, एसएसपी अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top