Udham Singh Nagar News

कॉल नहीं उठाई तो पिता को धमकी! उत्तराखंड में यहाँ युवक की हरकतों से परेशान युवती ने छोड़ी पढ़ाई

Ad

Kashipur Harassment | Uttarakhand Police : ऊधमसिंह नगर के काशीपुर से युवती को परेशान करने और उसके पिता को धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक की लगातार कॉल और धमकियों से परेशान होकर युवती ने पहले कॉलेज जाना बंद किया और बाद में निजी स्कूल में पढ़ाने का काम भी छोड़ दिया। अब युवती के पिता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENTS Ad

मामला कचनालगाजी क्षेत्र का बताया जा रहा है। युवती के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार रात उनके मोबाइल पर एक युवक का फोन आया। फोन करने वाले ने दावा किया कि उसके पास उनकी बेटी का मोबाइल नंबर है। आरोप है कि युवक ने कहा कि उनकी बेटी उसका फोन नहीं उठा रही है….और अगर उसने कॉल रिसीव नहीं किया तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

पिता ने जब अपनी बेटी से इस बारे में बात की तो उसने बताया कि आरोपी युवक उसके साथ बीकॉम में पढ़ता था। आरोप है कि कॉलेज के दौरान भी वह उसे परेशान करता था। बाद में युवक ने फोन करना शुरू किया…लेकिन युवती ने उसका कॉल उठाना बंद कर दिया।

इसके बाद युवती एक निजी स्कूल में पढ़ाने लगी। आरोप है कि वहां भी युवक की कॉल और परेशान करने का सिलसिला जारी रहा। लगातार बढ़ते दबाव के कारण युवती ने 21 सितंबर से स्कूल जाना भी बंद कर दिया।

परिजनों के मुताबिक युवती इस घटना के बाद काफी डरी हुई है। पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी को युवक से खतरा महसूस हो रहा है और इसी वजह से उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के मुताबिक शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3) के तहत केस दर्ज किया गया है। एसआई कौशल भाकुनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की पहचान और धमकी देने के मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top