Nainital-Haldwani News

दीपावली से पहले घर लौटने लगे लोग, केमू ने अल्मोड़ा समेत कई स्थानों को भेजीं 55 बसें

दीपावली से पहले घर लौटने लगे लोग, केमू ने पहाड़ को भेजीं 55 बसें

हल्द्वानी: त्योहार आए और बसों व ट्रेनों पर फोकस ना बढ़े, ऐसा भला कहां हो सकता है। अब लाजमी सी बात है कि अपने घरों से दूर पढ़ने या काम करने गए हुए लोग त्योहारों पर वापिस लौटते हैं। पहाड़ों को जाने वालों की संख्या खासी अधिक रहती है। इसी कड़ी में उत्तराखंड रोडवेज और केमू के ऊपर दबाव भी अधिक होता है।

दो दिन बाद दीपावली है और रोडवेज स्टेशन और केमू बस स्टैंड पर भीड़ बढ़नी शुरू हो गई है। केमू ने पहाड़ों के लिए करीब 55 बसें भेजी हैं। जी हां, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए केमू ने अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला लिया है। गौरतलब है कि पिछले हफ्ते भारी बारिश के कारण आई आपदा से केमू की बसों के पहिए थम गए।

मार्गों के खुलने के साथ बसों का संचालन शुरू हुआ। इसी कड़ी में केमू ने सोमवार से बेरीनाग के लिए भी बस सेवा शुरू कर दी है। बता दें कि पहाड़ के निर्धारित रूट न खुलने के कारण केमू की बसों का संचालन रामगढ़ होते हुए हो रहा है। रानीखेत के लिए रामनगर होकर बसें जा रही हैं। चूंकि त्योहारों में बसों का ना चलना केमू और यात्रियों दोनों के लिए नुकसानदायक है, इसलिए अलग रूटों से बसों को भेजा जा रहा है।

केमू बस स्टेशन के इंचार्ज नवीन जोशी ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब धीरे-धीरे बसों की संख्या बढ़ाई जा रही है। सोमवार को बेरीनाग के लिए बस सेवा शुरू की गई है। इसके अलावा गंगोलीहाट, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रानीखेत समेत विभिन्न स्थानों के लिए बसें चलाई गईं।

To Top
Ad