
Municipal Election | Kichha | Siraulikalan : किच्छा नगरपालिका और नवगठित सिरौलीकलां नगरपालिका में चुनाव का रास्ता साफ हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने दोनों निकायों के चुनाव की तारीख घोषित कर दी है। किच्छा और सिरौलीकलां में 22 सितंबर को मतदान होगा….जबकि 24 सितंबर को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम जारी किए जाएंगे।
चुनाव कार्यक्रम सामने आते ही दोनों क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। वहीं चुनाव की घोषणा के बाद पालिका प्रशासन ने अलग-अलग राजनीतिक दलों की ओर से लगाए गए फ्लेक्स और बैनर हटवा दिए हैं।
10 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया
राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 10 और 11 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री और जमा करने की प्रक्रिया होगी।
इसके बाद 12 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 13 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 14 सितंबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
22 सितंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। 24 सितंबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
हाईकोर्ट के अंतिम फैसले के अधीन रहेगा चुनाव
अधिसूचना में कहा गया है कि दोनों निकायों का चुनाव नैनीताल हाईकोर्ट में चल रहे मामले में आने वाले अंतिम फैसले के अधीन रहेगा।
सिरौलीकलां को किच्छा नगरपालिका से अलग कर नई नगरपालिका बनाए जाने को लेकर मामला हाईकोर्ट में पहुंच गया था। इसी वजह से यहां चुनाव की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि किच्छा और सिरौलीकलां के अध्यक्ष तथा सभासद पदों के चुनाव अलग-अलग कराए जाएंगे।
किच्छा में 52 हजार से ज्यादा मतदाता
किच्छा नगरपालिका क्षेत्र में कुल 52,240 मतदाता हैं। इनमें 25,207 महिलाएं, 27,029 पुरुष और चार अन्य मतदाता शामिल हैं। किच्छा नगरपालिका में कुल 20 वार्ड होंगे।
वहीं, सिरौलीकलां में 11,591 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 5,435 महिलाएं और 6,156 पुरुष मतदाता हैं। सिरौलीकलां में चार वार्ड बनाए गए हैं।
सिरौलीकलां के मतदाताओं के लिए यह चुनाव खास है….क्योंकि नई नगरपालिका बनने के बाद वे पहली बार अपना चेयरमैन चुनेंगे।
कांग्रेस ने चुनाव का किया स्वागत
चुनाव की घोषणा पर किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि सरकार का यह फैसला हाईकोर्ट के अंतिम निर्णय से पहले लिया गया है। उन्होंने इसे सरकार का हताशा भरा निर्णय बताया…लेकिन साथ ही कहा कि कांग्रेस चुनाव का स्वागत करती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस दोनों निकायों में पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी। बेहड़ ने दावा किया कि किच्छा और सिरौलीकलां दोनों नगरपालिकाओं में कांग्रेस के चेयरमैन जीतेंगे।






