
Kritika Kulashri | PCS Result | Finance Officer | Ramnagar News | Uttarakhand PCS | Success Story : रामनगर के भरतपुरी क्षेत्र की रहने वाली कृतिका कुलाश्री ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए वित्त अधिकारी पद पर चयन प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
कृतिका वर्तमान में टिहरी में उद्योग विभाग में सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वर्ष 2021 में उन्होंने पहली बार पीसीएस परीक्षा दी थी…जिसमें उनका चयन सहायक निदेशक उद्योग विभाग के पद पर हुआ था।
हालांकि कृतिका ने इससे भी बेहतर लक्ष्य निर्धारित किया और अपनी तैयारी जारी रखी। लगातार मेहनत और समर्पण के बल पर उन्होंने दोबारा पीसीएस परीक्षा दी और इस बार वित्त अधिकारी पद पर चयनित होकर नई सफलता हासिल की।
कृतिका ने अपनी स्कूली शिक्षा लिटिल स्कॉलर स्कूल, काशीपुर से पूरी की। इसके बाद उन्होंने वनस्थली विद्यापीठ, राजस्थान से बीटेक की पढ़ाई की। छात्र जीवन से ही वह पढ़ाई में मेधावी और मेहनती रही हैं।
उनकी माता ज्योति कुलाश्री पूर्व शिक्षिका हैं, जबकि पिता राजेंद्र प्रसाद पूर्व प्रधानाचार्य रह चुके हैं। बेटी की इस सफलता से परिवार बेहद खुश है।
कृतिका के परिवार में शिक्षा का माहौल रहा है। उनकी छोटी बहन वर्तिका भोपाल से एमएस की पढ़ाई कर रही हैं…जबकि भाई कार्तिकेय ने देहरादून से एलएलबी करने के बाद वकालत के क्षेत्र में कदम रखा है।
कृतिका की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि निरंतर प्रयास, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।






