Chamoli News

उत्तराखंड में यहाँ आवासीय मकान में चल रहा था मदरसा, हिंदू संगठनों ने किया हंगामा

Ad

Joshimath | Chamoli | Madrasa | Uttarakhand : चमोली जिले के ज्योतिर्मठ नगर क्षेत्र में एक आवासीय मकान में कथित रूप से मदरसा संचालित किए जाने को लेकर गुरुवार को विवाद खड़ा हो गया। बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया और पुलिस-प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

ADVERTISEMENTS Ad

संगठनों का आरोप है कि एक आवासीय भवन में लंबे समय से बच्चों को पढ़ाया जा रहा था। उनका कहना है कि यह गतिविधि नियमों के अनुरूप नहीं है…और इसकी जांच होनी चाहिए। सूचना मिलने पर कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी बुलाया।

कार्यकर्ताओं का दावा है कि बच्चों को पढ़ाने के लिए एक शिक्षक को करीब 12 हजार रुपये मासिक वेतन पर रखा गया था। उन्होंने इस व्यवस्था पर आपत्ति जताते हुए संबंधित गतिविधि को बंद कराने की मांग की।

विहिप के प्रांत संत संपर्क प्रमुख पवन राठौर ने कहा कि उत्तराखंड में मदरसों से जुड़े नियमों को लेकर सरकार के फैसलों के बाद इस तरह की गतिविधियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं बजरंग दल के पदाधिकारियों ने भी मामले में प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।

दूसरी ओर, शिक्षक मिन्नादुल्ला ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वह बच्चों को केवल भाषा की शिक्षा देते हैं। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य किसी नियम का उल्लंघन करना नहीं है।

तहसीलदार महेंद्र ने कहा कि मामला प्रशासन के संज्ञान में है और पुलिस इसकी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने भी पुष्टि की कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top