Bageshwar News

पुलिस की नौकरी के साथ खेल में भी मचाया धमाल, अब पहाड़ की बेटी को मिलेगा बड़ा सम्मान

Ad

Mamta Khati | Modern Pentathlon | Himalaya Sports Award : कत्यूर घाटी के पिंगलों गांव की ममता खाती को हिमालय खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उनकी इस उपलब्धि से गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

ममता ने उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड और कांस्य पदक जीते थे। उनके प्रदर्शन से गरुड़ तहसील और बागेश्वर जिले का नाम खेल के क्षेत्र में रोशन हुआ।

उत्तराखंड पुलिस में हैं तैनात

ममता खाती वर्तमान में उत्तराखंड पुलिस में अल्मोड़ा में तैनात हैं। उन्होंने वर्ष 2016 में पुलिस सेवा शुरू की थी। इसके बाद उन्होंने माडर्न पेंटाथलान खेल में भी अपनी पहचान बनाई।

पिछले वर्ष आयोजित प्रतियोगिताओं में ममता ने लेजर रन की व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता। इसके अलावा टीम स्पर्धा में भी उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया। तीन किलोमीटर मिक्स रिले में भी ममता ने गोल्ड जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

उनकी उपलब्धि को पहाड़ की बेटियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। खेल के साथ पुलिस सेवा की जिम्मेदारी निभाते हुए ममता ने लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है।

परिवार और क्षेत्र में खुशी

ममता खाती के पिता रणजीत सिंह खाती सेवानिवृत्त सूबेदार हैं…जबकि उनकी मां हंसी देवी गृहिणी हैं। बेटी को हिमालय खेल रत्न पुरस्कार मिलने की खबर से परिवार में खुशी है।

ममता की उपलब्धि पर दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, विधायक पार्वती दास, पूर्व विधायक ललित फर्सवाण, नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा और जिला महामंत्री घनश्याम जोशी समेत कई लोगों ने उन्हें बधाई दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ममता की सफलता से कत्यूर घाटी के युवाओं और खासकर बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top