Haridwar News

उत्तराखंड: 13 साल की बेटी पर था शक, पिता ने दोस्त के साथ रची हत्या की साजिश; गंगनहर में फेंकी लाश

crime news
Ad

Manglaur Murder Case | Haridwar Crime News | Uttarakhand Crime : हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी की हत्या के मामले ने सनसनी फैला दी है। पुलिस ने किशोरी की हत्या के आरोप में उसके पिता और पिता के दोस्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने किशोरी की हत्या कर शव गंगनहर में फेंकने की बात बताई है। हालांकि अभी तक किशोरी का शव बरामद नहीं हो पाया है। पुलिस की टीमें गंगनहर में लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।

मामला 21 अगस्त को सामने आया….जब किशोरी की मां ने मंगलौर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने अपने पति और एक अन्य व्यक्ति पर बेटी को घर से ले जाने और उसके बाद वापस नहीं लौटने का आरोप लगाया था। महिला ने दोनों से बेटी के बारे में जानकारी मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की बात भी पुलिस को बताई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामला नाबालिग किशोरी से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने जांच को गंभीरता से आगे बढ़ाया। जांच के दौरान पुलिस टीम को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले…जिसके आधार पर 22 अगस्त को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार किशोरी के पिता को शक था कि उसकी बेटी किसी व्यक्ति से बातचीत करती है। आरोप है कि इसी बात को लेकर पिता उससे नाराज रहता था। पुलिस का कहना है कि बेटी को समझाने के बाद भी जब पिता की नाराजगी दूर नहीं हुई तो उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई।

जांच में सामने आए पुलिस के दावे के मुताबिक 27 जुलाई को आरोपी पिता अपनी बेटी को अपने दोस्त के साथ बाइक पर बैठाकर माता मंदिर के पास स्थित पुल पर ले गया। आरोप है कि वहां दोनों ने कपड़े से किशोरी का गला घोंट दिया….जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को गंगनहर में फेंकने की बात सामने आई है।

हालांकि पुलिस की ओर से बताए गए घटनाक्रम की पुष्टि शव मिलने और जांच के अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे होगी।

दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब किशोरी के शव की तलाश में जुटी है। गंगनहर में पुलिस टीमों की ओर से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े संभावित स्थानों और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा बरामद करने का भी दावा किया है। इसके अलावा कथित वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक को भी कब्जे में लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार पिता का पहले से आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ मंगलौर और रुड़की कोतवाली में मारपीट, धमकी, आबकारी अधिनियम, चोरी और शस्त्र अधिनियम समेत अलग-अलग धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस किशोरी के शव को बरामद करने पर है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है…और बरामद होने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और किशोरी की तलाश के लिए गंगनहर में सर्च अभियान जारी है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top