Uttarakhand News

उत्तराखंड की मनीषा चौहान भारतीय टीम के लिए खेलेंगी

Uttarakhand news: Haridwar news: Manisha chauhan: Indian national hockey team: उत्तराखंड की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपने हुनर का लोहा मनवा रही हैं। हर क्षेत्र में राज्य की बेटियां बेटों से एक कदम आगे हैं। आज हम जिस बेटी के बारे में आपको बताने जा रहे हैं उन्होने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से पूरे राज्य का नाम रोशन कर दिखाया है। हम बात कर रहे हैं मनीषा चौहान की…. मनीषा का भारतीय महिला हॉकी टीम में चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि के बाद उत्तराखंड और हरिद्वार में खुशी का महौल है।

भारतीय महिला हॉकी टीम में चयन

हॉकी इंडिया बोर्ड ने दो मई को भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा की। और इसमें मनीषा चौहान का चयन किया गया है। बता दें कि मनीषा का चयन पुणे में आयोजित 14वीं हॉकी इंडिया सीनियर वुमन नेशनल चैंपियनशिप में किए गए शानदार प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। इतना ही नही उन्होंने चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी अपने नाम किया है।

स्कूल में हॉकी खेलना शुरू किया

मनीषा चौहान का जन्म 1999 में हरिद्वार के श्यामपुर में हुआ था। मनीषा ने अपनी पढ़ाई श्रीराम विद्या मंदिर से की है। स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने हॉकी खेलना शुरू किया और यही समय था जब मनीषा की रूचि इस खेल में बढ़ी। उन्होने 2016 में जूनियर वुमन नेशनल प्रतियाोगिता में उत्तराखंड टीम की कमान संभाली। साल 2018 में उनका नेशनल सेंटर आफ एक्सीलेंस दिल्ली के लिए चयन हुआ। इसके बाद उन्होंने कभी भी पीछे मुड़कर नही देखा। साल 2019 में वे केन्या और बांगलादेश खेलने गईं। इसके बाद साल 2020 में आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी और फर्स्ट खेलो इंडिया में प्रतिभाग किया। 2021 में फर्स्ट हॉकी इंडिया सीनियर वूमन इंटर डिपार्टमेंट नेशनल चैंपियनशिप में कप्तान बनीं और इसमें उन्होंने बेस्ट मिडफील्डर का अवार्ड भी अपने नाम किया। मनीषा की इस उपलब्धि पर हल्द्वानी लाइव की तरफ से उन्हें ढ़ेर सारी बधाई और शुभकामनाएं।

To Top