Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी के मनोज जोशी का NDA में चयन, ऑल इंडिया 66वीं रैंक प्राप्त कर पूरा किया सपना

Manoj Joshi NDA: Haldwani Success Story: NDA Selection From Haldwani:

भारत माता की सेवा के लिए सेना की वर्दी पहनने का ख़याल लगभग हर उत्तराखंडवासी के मन में एक बार तो आता ही है। भर्ती के लिए सालों-साल अभ्यास के रूप में यहाँ के युवा कठोर तप करते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त करना ही चाहते हैं। जिसका शरीर और दिमाग गोली की रफ़्तार से थोड़ा ज़्यादा तेज़ और सटीक प्रतिक्रिया देने में समर्थ हो उसे ही भारतीय सेना में अधिकारी पद मिलता है। अपनी योग्यता और देवभूमि के जज़्बे का उदाहरण पूरे देश को देते हुए जिला नैनीताल के हल्द्वानी शहर निवासी मनोज जोशी ने NDA परीक्षा में ऑल इंडिया 66वीं रैंक हासिल की है।

NDA में जाने के लिए मनोज ने सही अवसर की प्रतीक्षा में समय नहीं गवाया बल्कि बचपन से ही संकल्पबद्ध होकर अपना लक्ष्य प्राप्त करने के लिए तैयारी की। इसी लगन और समर्पण ने मनोज जोशी को NDA परीक्षा में अपनी बुद्धिमता का परचम लहराने और लाखों भारतीयों में 66वां स्थान प्राप्त करने का गौरव भी प्रदान किया। उत्तराखंड में फ़ौज केवल एक सपना नहीं वरन जीवन है। एक ऐसा जीवन जिसके हर मोड़ पर केवल गर्व से चौड़ा सीना, माथे पर चमक, आँखों में शान और लोगों से मिलने वाली इज़्ज़त होती है। इसी गर्व को मनोज अभी अपने पूरे परिवार के साथ अनुभव कर रहे हैं।

बता दें कि मनोज जोशी हल्द्वानी के विजडम स्कूल के विद्यार्थी हैं। मनोज की इस शानदार उपलब्धि से स्कूल के साथ क्षेत्र के रौशन हुए नाम के लिए स्कूल प्रबंध निदेशक राजेंद्र सिंह पोखरिया, प्रधानाचार्य त्रिवेणी चंद्र कबडवाल और सभी शिक्षकों ने मनोज को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने बेटे की उपलब्धि से हर तरफ हो रही चर्चा को सुनकर मनोज के परिवारजन भी बहुत खुश हैं। मनोज के पिता राजेंद्र प्रसाद जोशी एवं माता तुलसी जोशी ने अपने बेटे की उपलब्धि का कारण उसके दृढ़ निश्चय को बताया है। वहीं बेटे ने भी अपनी उपलब्धि पर मिल रहे श्रेय को अपने माता-पिता के चरणों में पुष्प की तरह अर्पित कर दिया है।

To Top