Dehradun News

MDDA की ताबड़तोड़ कार्रवाई! दो जगह निर्माण सील, सेलाकुई में 20 बीघा प्लॉटिंग ध्वस्त

Ad

Uttarakhand | MDDA | Dehradun | Illegal Construction | Illegal Plotting : मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने धर्मपुर और कॉवली में दो स्थानों पर अवैध बहुमंजिला निर्माण सील किए….जबकि सेलाकुई में करीब 20 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।

ADVERTISEMENTS Ad

17 अक्टूबर को चलाए गए इस अभियान के दौरान प्राधिकरण की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर कार्रवाई की। MDDA का कहना है कि बिना जरूरी मंजूरी के निर्माण और प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

प्राधिकरण की टीम ने धर्मपुर के प्रगति विहार स्थित लेन नंबर छह में उपेंद्र अग्रवाल के अवैध निर्माण को सील किया। इसके अलावा कॉवली की मानसरोवर कॉलोनी में कैलाश, सतीश और हरीश डोभियाल की ओर से किए जा रहे अवैध बहुमंजिला निर्माण पर भी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया गया।

अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए MDDA की टीम ने सेलाकुई के कल्याणपुर स्थित न्यू हाईवे, शिमला बाईपास क्षेत्र में करीब 10 बीघा जमीन पर की जा रही प्लॉटिंग को ध्वस्त किया। यह प्लॉटिंग देवेंद्र रावत और अन्य लोगों की ओर से की जा रही थी।

इसी क्षेत्र में न्यू हाईवे, सेलाकुई में नवाज अली और भू-स्वामी की ओर से करीब 10 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को भी ध्वस्त किया गया। इस तरह दोनों स्थानों पर कुल करीब 20 बीघा जमीन पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहे।

MDDA के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नियोजित विकास के विजन के तहत निर्माण कार्यों में नियमों का पालन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि जमीन खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति और जरूरी स्वीकृतियों की जांच जरूर करें।

वहीं MDDA के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के मामलों पर निगरानी रखी जा रही है। शिकायतों और मौके पर निरीक्षण के आधार पर कार्रवाई की जाती है। उन्होंने लोगों से भवन निर्माण या प्लॉटिंग शुरू करने से पहले जरूरी मंजूरी लेने की अपील की।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top