Dehradun News

उत्तराखंड: जमीन की प्लॉटिंग से लेकर कैफे तक पर कार्रवाई, MDDA ने सील किए कई ठिकाने

Ad

MDDA Action | Illegal Plotting |Dehradun News : मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध प्लॉटिंग, निर्माण और बिना जरूरी मंजूरी के चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार 24 अक्टूबर को प्राधिकरण की टीम ने देहरादून, मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में अभियान चलाकर सात स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान शिमला बाईपास क्षेत्र में करीब 20 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया….जबकि पौंधा में 30 से 40 बीघा जमीन पर की जा रही प्लॉटिंग को सील किया गया।

ADVERTISEMENTS Ad

MDDA के मुताबिक मेदनीपुर, शिमला बाईपास रोड के ढकरानी-हरबर्टपुर क्षेत्र में करीब 20 बीघा भूमि पर गौरव रावत की ओर से की जा रही प्लॉटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

वहीं पौंधा रोड पर राजेंद्र अग्रवाल की ओर से करीब 30 से 40 बीघा जमीन पर की जा रही प्लॉटिंग को सील किया गया। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि जमीन या प्लॉट खरीदने से पहले स्वीकृत लेआउट और जरूरी दस्तावेजों की जांच जरूर करें।

मसूरी के विन्सेन्ट हिल, क्रेग टॉप एस्टेट, वैवरली और हाथीपांव रोड क्षेत्र में अरुण सहगल तथा निर्माणकर्ता राहुल रोहानी से जुड़े अवैध निर्माण के मामले में सीलिंग की कार्रवाई की गई। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि निर्माण के लिए स्वीकृत नक्शे और निर्धारित नियमों का पालन करना जरूरी है।

विधौली स्थित यूपीईएस कॉलेज के पास भी MDDA की टीम ने पांच स्थानों पर सीलिंग की। इनमें अक्षय पंवार का कैफे, रवि शंकर का कैफे और दुकान, गायत्री शर्मा की दुकान और माही कैफे शामिल हैं। प्राधिकरण के मुताबिक संबंधित प्रतिष्ठानों में जरूरी मानचित्र स्वीकृति या अनुमतियों से जुड़ी अनियमितताओं के चलते कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान MDDA के क्षेत्रीय अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहे। प्राधिकरण ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग, बिना अनुमति निर्माण और नियमों के खिलाफ संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में नियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन सामने आने पर नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top