Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी हत्याकांड: लापता किशोरी के साथ हुआ था दुष्कर्म, दो युवकों ने कुबूला अपना जुर्म

हल्द्वानी हत्याकांड: लापता किशोरी के साथ हुआ था दुष्कर्म, दो युवकों ने कुबूला अपना जुर्म

हल्द्वानी: किशोरी हत्याकांड मामले में एक बेहद ही अहम अपडेट सामने आया है। दो युवकों ने किशोरी की हत्या करने से पहले उसके साथ दुष्कर्म करने की बात कुबूली है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गौरतलब है कि बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में बीते दिन सुबह किशोरी का सड़ा गला शव मिलने से हड़कंप मच गया था। वारदात को अंजाम देने के पीछे का पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

दरअसल हल्द्वानी बनभूलपुरा क्षेत्र निवासी 14 वर्षीय किशोरी नजदीक के विद्यालय में कक्षा 8वीं में पढ़ती थी। 29 सितंबर को वह अचानक घर से लापता हो गई। घरवालों के काफी खोजने के बाद भी जब किशोरी नहीं मिली तो स्वजनों ने पुलिस का रुख किया। बनभूलपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।

जानकारी के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में दो युवक किशोरी के साथ घूमते हुए दिखे। इसी क्रम में पुलिस ने इंदिरानगर निवासी 19 वर्षीय दानिश व 18 वर्षीय जीशान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआत में दोनों ने किसी भी तरह की जानकारी होने से मना किया मगर बाद में पुलिस की सख्ताई के आगे बुधवार की सुबह उन्होंने सब उगल दिया।

बताया जा रहा है कि दो युवकों में से एक दानिश किशोरी का ममेरा भाई है। बहरहाल दोनों युवकों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या की बात कुबूल कर ली। युवकों के बयान के आधार पर पुलिस ने आंवला पुलिस चेक पोस्ट से 100 मीटर दूरी पर जंगल में एक नाले से सड़ी गली हालत में शव बरामद किया गया।

दुपट्टा भी युवती के गले में हत्या के बाद ऐसे ही छोड़ दिया गया था। बहरहाल अब पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ हत्या के लिए धारा 302, दुष्कर्म के लिए धारा 376 व पॉक्सो के तहत केस दर्ज कर लिया है। एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी, एसपी सिटी डा. जगदीश चंद्र, सीओ सिटी शांतनु परासर, बनभूलपुरा थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने भी मौके पर पहुंचकर मुआयना किया।

फिलहाल वारदात को अंजाम देने का कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। पुलिस की मानें तो दोनों युवकों में से दानिश मुख्य अभियुक्त व जीशान उसका दोस्त है। ये भी बताया जा रहा है कि किशोरी दोनों युवकों को स्मैक की गिरफ्त से बाहर लाना चाहती थी। दोनों ही युवक स्मैक के आदी थे। माना जा रहा है कि 29 सितंबर को जंगल में दानिश व किशोरी के बीच झगड़ा होने के बाद दोनों युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। किशोरी का जन्मदिन तीन अक्टूबर को था। ऐसे में परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

To Top