
Road Closure | Nainital | Traffic Update : रानीबाग-भीमताल-खुटानी-धानाचूली-शहरफाटक-देवीधुरा मोटर मार्ग पर सड़क सुधार और डामरीकरण का काम शुरू होने जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते खुटानी-धानाचूली मार्ग पर कुछ घंटों के लिए यातायात बंद रहेगा।
लोक निर्माण विभाग ने सड़क निर्माण को देखते हुए प्रशासन से सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक वाहनों की आवाजाही रोकने की अनुमति मांगी थी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने इसके लिए अनुमति दे दी है। मंगलवार से 20 अक्टूबर तक रोजाना पांच घंटे मार्ग पर यातायात बंद रहेगा।
इस दौरान लोहाघाट और देवीधुरा की ओर जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। यात्रियों को भवाली से रामगढ़ और भटेलिया होते हुए धानाचूली जाना पड़ेगा। इस रास्ते से करीब 40 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना होगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार ने कहा कि सड़क पर डामरीकरण का काम सोमवार से शुरू किया जाएगा और यह कार्य 20 अक्टूबर तक चलेगा।
वहीं पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए सोमवार को मार्ग पर आवाजाही सामान्य रखी जाएगी। एसडीएम नवाजिश खलीक ने कहा कि सोमवार को पर्यटकों के लिए मार्ग खुला रहेगा। इसके बाद मंगलवार से तय समय के दौरान यातायात बंद किया जाएगा।
यात्रियों से अपील है कि इस अवधि में सफर से पहले मार्ग की स्थिति का ध्यान रखें और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक रास्ते से यात्रा करें।



