Nainital-Haldwani News

नैनीताल निवासी प्रियंका भट्ट बनी जिला पूर्ति अधिकारी, चंपावत में मिली पहली पोस्टिंग

Ad

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जनपद की बेटी और 2022 बैच की उत्तराखंड राज्य लोक सेवा आयोग की अधिकारी प्रियंका भट्ट ने अपने प्रशासनिक करियर की पहली ज़िम्मेदारी चंपावत जिले में जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) के रूप में संभाल ली है। उन्होंने मंगलवार को औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया।

ADVERTISEMENTS Ad

पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने जिला पूर्ति कार्यालय का निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर विभाग की ओर से उनका स्वागत किया गया। अब तक चंपावत जिले का कार्यभार प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी मनोज साह संभाल रहे थे।

जिला पूर्ति अधिकारी पद की जिम्मेदारी संभालने से पहले प्रियंका भट्ट मुख्यालय में तैनात थीं। अब उन्हें चंपावत जिले के जिला पूर्ति विभाग का दायित्व सौंपा गया है।

प्रियंका भट्ट ने कहा कि उनकी प्राथमिकता चंपावत जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को अधिक पारदर्शी, सुलभ और लाभार्थी-केंद्रित बनाना रहेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राशन वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं की E-POS मशीनों से संबंधित दिक्कतें, भाड़े की दरें और अन्य मांगें विभाग की प्राथमिकता में रहेंगी और इन पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

चंपावत जिले को करीब एक वर्ष बाद पूर्णकालिक जिला पूर्ति अधिकारी मिली हैं। इससे पूर्व यहां प्रभारी स्तर पर कार्य चल रहा था। चंपावत को दूसरी बार महिला DSO मिली हैं। इससे पहले शिल्पी शुक्ला अप्रैल 2020 तक इस पद पर कार्यरत थीं।

प्रियंका भट्ट मूल रूप से नैनीताल जिले से हैं। उन्होंने अपनी शिक्षा उत्तराखंड में ही प्राप्त की और लगातार प्रयासों से राज्य सिविल सेवा में सफलता हासिल की।  प्रियंका ने वर्ष 2016 की इंटरमीडिएट परीक्षा मे प्रदेश की योग्यता सूची में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। जिसके बाद उन्होंने स्नातक की उपाधि दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से प्राप्त की। इससे पहले प्रियंका का चयन ग्राम्य विकास विभाग अधिकारी और शहरी विकास विभाग में अधिशासी अधिकारी के पद पर हुआ था।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top