Nainital-Haldwani News

फिर से कोरोना संक्रमण की बलि चढ़ा नैनीताल का पर्यटन, कैंसल होने लगीं एडवांस बुकिंग

Ad

नैनीताल: एक बार फिर वही हो रहा है जो पिछले और उससे पिछले साल हुआ था। जी हां, साल 2020 में कोरोना की पहली और साल 2021 में कोरोना की दूसरी लहर की तरह ही संक्रमण साल 2022 में भी डरा रहा है। डराने वाली बात ये है कि एक बार फिर से नैनीताल के पर्यटन पर बुरा असर पड़ने लगा है। बता दें कि एडवांस बुकिंग कैंसल होने का सिलसिला शुरू हो गया है।

ADVERTISEMENTS Ad

गौरतलब है कि सरोवर नगरी के कारोबारी पहले ही कोरोना के चपेट से खासा दुखी रह चुके हैं। पर्यटन कारोबारियों की आय पर संक्रमण ने बुरा प्रभाव डाला है। इस बार भी जब लगा कि अब सब सही हो रहा है, तभी तीसरी लहर ने दस्तक दे दी। नैनीताल जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। बीते दिन ओमिक्रोन के भी सात मरीजों की पुष्टि मेडिकल बुलेटिन द्वारा की गई है।

बता दें कि यही कारण है कि यहां 60 फीसद सैलानियों की आमद कम हो चली है। एडवांस बुकिंग कैंसिल होने का सिलसिला पिछले एक पखवाड़े से जारी है। इस वीकेंड पर सैलानियों की आमद पिछले वीकेंड की तुलना में आधी कमी आई दर्ज की गई है। उल्लेखनीय है कि ये कारोबारियों के लिए अच्छे संकेत नहीं है। वीकेंड पर भी होटल और सड़कें खाली दिख रही हैं।

इसी वजह से नाव चालक, टैक्सी चालक, घोड़ाचालक व आउटडोर फोटोग्राफर्स का काम भी बुरी तरह से प्रभावित होने लगा है। सैलानियों की संख्या कम होने से व्यवसाय 75 फीसद कम हो गया है। नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंड एसोसिएसन अध्यक्ष दिनेश चंद्र साह की मानें तो होटल सुनसान हैं। वैक्सीन की डबल डोज लेने वाले या 72 घंटे पहले की जांच रिपोर्ट लाने वाले पर्यटकों को कमरे दे रहे हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top