
Nainital: Agniveer: Kunal Singh Bohra: जनपद नैनीताल के ओखलकांडा विकासखंड के ग्राम तल्ला ओखलकांडा (नौलिगाड़) निवासी कुणाल सिंह बोहरा ने भारतीय सेना की अग्निवीर योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। कुणाल को महार रेजीमेंट के प्रशिक्षण केंद्र, सागर (मध्य प्रदेश) में आयोजित पासिंग आउट समारोह के दौरान प्रतिष्ठित “ओवरऑल बेस्ट कैडेट” मेडल से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें प्रशिक्षण केंद्र में शामिल 909 अग्निवीर कैडेट्स के बीच शारीरिक दक्षता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा समग्र प्रदर्शन के आधार पर सर्वश्रेष्ठ साबित होने पर प्रदान किया गया। इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे ओखलकांडा क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल पैदा कर दिया है।
कुणाल सिंह बोहरा सैन्य परंपरा वाले परिवार से आते हैं। वे स्वर्गीय लक्ष्मण सिंह बोहरा, पूर्व ग्राम प्रधान, एवं श्रीमती देवकी देवी के पौत्र हैं। उनके पिता तारा सिंह बोहरा भारतीय सेना की ईएमई रेजीमेंट से सेवानिवृत्त सैनिक हैं, जबकि माता श्रीमती गीता बोहरा गृहिणी हैं। अपने परिवार की देशसेवा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए कुणाल ने यह विशिष्ट सम्मान हासिल किया है।
कुणाल पूर्व में एनसीसी कैडेट भी रह चुके हैं, जहां से उन्हें अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिली। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।
कुणाल की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के पूर्व सैनिक संगठनों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। क्षेत्रवासियों ने इसे ओखलकांडा, नैनीताल जनपद और उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि ऐसे युवा देश के भविष्य की सच्ची ताकत हैं।






