
PithoragarhNews | UttarakhandRain |RoadClosure : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। पिछले 24 घंटों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं और नदी-नाले उफान पर हैं। लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग तवाघाट के पास बंद हो गया है। इसके अलावा तवाघाट-लिपुलेख मार्ग, मुनस्यारी-धापा-मिलम मार्ग, थल-मुनस्यारी मार्ग समेत जिले की कुल 22 सड़कें भूस्खलन और मलबा आने के कारण बंद हैं। प्रशासन मार्ग खोलने के लिए मशीनों की मदद से काम करा रहा है।
लगातार बारिश के चलते काली नदी, गोरी गंगा, धौली गंगा, रामगंगा, मंदाकिनी, सेरा और जाकुर समेत जिले की सभी प्रमुख नदियां और नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास न जाने और सतर्क रहने की अपील की है।
बारिश का सबसे ज्यादा असर चीन सीमा से लगे मल्ला जोहर क्षेत्र में देखने को मिला। ल्वा गांव के पास तेज बहाव में एक पुलिया बह गई…जिससे नंदा देवी बेस कैंप ट्रेक और ल्वा गांव का संपर्क पूरी तरह कट गया। घटना की सूचना तहसील प्रशासन को दे दी गई है।
प्रशासन के अनुसार फिलहाल इस क्षेत्र में किसी ट्रैकिंग दल के फंसे होने की सूचना नहीं है। हालांकि संपर्क मार्ग टूटने के कारण स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ समय तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और केवल आधिकारिक सूचना के आधार पर ही सफर करने की सलाह दी है।






