National News

यूपी के हमीरपुर में सड़क हादसा, बस पलटने से 15 प्रवासी मजदूर घायल

Ad

उत्तर प्रदेश में सड़क हादसे जारी हैं। हमीरपुर में प्रवासी मजदूरों से भरी एक बस पलट गई है। इस बस में महिलाएं, बच्चे सहित 31 यात्री सवार थे। सदर कोतवाली क्षेत्र के सिटी फारेस्ट के पास बस पलटने से आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया है। बताया जा रहा है कि बस नोएडा से महोबा जा रही थी। ड्राइवर की झपकी के कारण हादसा हुआ। इस हादसे में कुछ मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है। इससे पहले कुशीनगर में मजदूरों से भरी बस का एक्सीडेंट हो गया। इस दौरान 12 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए है।

ADVERTISEMENTS Ad

कुशीनगर के एनएच 28 पर शाही पेट्रोल पम्प के पास कामगारों को लेकर बिहार जा रही बस ने प्याज से भरी ट्रक में जोरदार ठोकर मर दिया। ठोकर के कारण बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह डैमेज हो गया। इस घटना में बस के केबिन और आगे बैठे 12 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। बस नोएडा से बिहार के भागलपुर जा रही थी।

घटना के बाद चीख पुकार मच गई। इसके बाद पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस जवानों की मदद से एम्बुलेंस से घायलों को तमकुही सीएचसी में भर्ती कराया। घायलों में 7 मजदूरों की हालत नाजुक है। उन्हें गोरखपुर मेडिकल कालेज भेजा गया है। हल्के चोटिल मजदूरों को अन्य बस की मदद से बिहार भेजने की तैयारी हो रही है।

शनिवार देर रात उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में डीसीएम और ट्रक की जोरदार टक्कर में 26 मजदूरों की मौत हो गई थी। 34 लोग घायल हो गए थे। इस हादसे के शिकार हुए ज्यादातर लोग बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के थे। हादसे के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया था।

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में ट्रक पलटने से पांच मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि इस हादसे में 11 मजदूर घायल हो गए थे। नरसिंहपुर के जिला कलेक्टर दीपक सक्सेना ने बताया था कि आम से लदे ट्रक में 18 लोग सवार थे। नरसिंहपुर में पाठा गांव के पास ट्रक पलट गया और पांच लोगों की मौत हो गई थी। यूपी सीएम योगी ने इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top