National News

विधानसभा चुनावः मिजोरम में एमएनएफ की सत्ता में वापसी

Ad

नई दिल्ली। मिजोरम की 40 सदस्यीय विधानसभा में क्षेत्रीयतावादी पार्टी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) 26 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर 10 वर्ष बाद पुनः सत्ता में वापसी करने में सफल हुई है। पिछले 10 वर्षों से राज्य की सत्ता में काबिज कांग्रेस पार्टी की इस बार के विधानसभा चुनाव में करारी हार हुई है।
संभवतः कांग्रेस की स्थिति का आभास मुख्यमंत्री लालथनहावला को पहले ही हो गया था। यही कारण है कि वे दो चुनाव क्षेत्रों से चुनाव मैदान में उतरे थे। लेकिन मतदाताओं में उन्हें दोनों ही क्षेत्रों से नकार दिया है। उल्लेखनीय है कि राज्य में बहुमत का आंकड़ा 21 सीटों का है। जबकि अकेले ही एमएनएफ ने 26 सीटों पर जीत हासिल कर राज्य की सत्ता में वापसी की।

ADVERTISEMENTS Ad

सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस को महज 5 सीटें मिली हैं। जबकि जेपीएम समेत अन्य को 8 सीटें हासिल हुई हैं। मिजोरम राज्य के गठन के बाद पहली बार भारतीय जनता पार्टी ने एक सीट जीतकर राज्य में अपना खाता खोल लिया है। कांग्रेस पार्टी ने चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा पर हिंदू पार्टी होने का आरोप मढ़कर जमकर प्रचार किया था। लेकिन, कांग्रेस कहीं न कहीं एमएनएफ को कमतर मानकर चल रही थी। कांग्रेस के रणनीतिकारों को लग रहा था कि उसका मुकाबला जेडपीएम से है, लेकिन अंदरखाने हवा एमएनएफ की ओर से बह रही थी। कांग्रेस इसको समझ नहीं पाई।
एमएनएफ के अध्यक्ष व दो बार के पूर्व मुख्यमंत्री जोरामथांगा इस बार के चुनाव में मतदाताओं की नब्ज को टटोलने में पूरी तरह से सफल रहे। एमएनएफ अध्यक्ष ने आइजोल ईस्ट-1 विधानसभा क्षेत्र से 20 हजार मतों से जीत हासिल की है| उधर, राज्य के प्रमुख चेहरा व पांच बार मुख्यमंत्री पद पर आसीन लालथनहावला साउथ चम्फाई और सेरचिप यानी दोनों विधानसभा सीटों से बड़े अंतर से चुनाव हार गए।

एमएनएफ के अध्यक्ष जोरामथांगा ने चुनाव परिणाम आने के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस के कुशासन और चर्च तथा स्थानीय संगठनों के विरोध के बावजूद राज्य में शराब के कारोबार को कांग्रेस द्वारा अनुमति दिया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था। उन्होंने कहा कि मेरी सरकार का मुख्य एजेंडा राज्य का तेजी से आर्थिक विकास, सामाजिक-आर्थिक विकास, राज्य की खस्ताहाल सड़कों को बेहतर बनाना, राज्य में शराब की बिक्री को पूरी तरह से प्रतिबंधित करना तथा राज्य के सामूहिक विकास प्रमुख है। उन्होंने एमएनएफ की जीत के लिए राज्य की जनता का आभार जताया।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top