Uttarakhand News

NDA का 150वां बैच… उत्तराखंड के पीयूष रौतेला साइंस में बनें टॉपर

Ad

Piyush Rautela: Uttarakhand: NDA: उत्तराखंड के लिए गर्व की खबर है। नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) के ऐतिहासिक 150वें कोर्स में उत्तराखंड के कैडेट एसीए पीयूष रौतेला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साइंस स्ट्रीम (बीएससी केमिस्ट्री) में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए उन्हें एनडीए के कमांडेंट द्वारा प्रतिष्ठित सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया।

महाराष्ट्र के खड़कवासला स्थित एनडीए में 29 मई को आयोजित दीक्षांत समारोह में देश की पहली महिला आईपीएस अधिकारी एवं पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल डॉ. किरण बेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। समारोह में 150वें बैच के कैडेट्स को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) की डिग्रियां प्रदान की गईं। इसी दौरान पीयूष रौतेला की शैक्षणिक उपलब्धि विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

‘एम’ स्क्वाड्रन के कैडेट पीयूष रौतेला ने बीएससी केमिस्ट्री में शीर्ष स्थान हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। पीयूष ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, बहन और एनडीए के प्रशिक्षकों को दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धि के पीछे परिवार के समर्थन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

पीयूष ने बताया कि वह अपने परिवार के पहले सदस्य हैं, जिन्होंने रक्षा सेवाओं को करियर के रूप में चुना है। वर्ष 2023 में एनडीए में प्रवेश के बाद शुरुआती दिनों में उन्हें समय प्रबंधन की चुनौती का सामना करना पड़ा। सुबह से शाम तक चलने वाले कठोर और व्यस्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के साथ तालमेल बिठाना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर इस चुनौती को पार कर लिया।

आज उनकी सफलता हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। उत्तराखंड के इस होनहार बेटे की उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और समर्पण के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top