
Haldwani | Nitin Nabin | BJP Uttarakhand : उत्तराखंड भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर विभाजनकारी राजनीति और तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
नितिन नबीन ने कहा कि उत्तराखंड भाजपा के लिए केवल एक राजनीतिक राज्य नहीं है….बल्कि पार्टी की विचारधारा और सांस्कृतिक सोच को आगे बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण भूमि है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के साथ संगठन को आगे की राजनीतिक तैयारियों के लिए भी मजबूती से काम करना है।
उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार और संगठन की तारीफ करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास से यह स्पष्ट है कि उत्तराखंड में भाजपा का विजय अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कांग्रेस पर शुद्धिकरण विवाद को लेकर हमला
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हल्द्वानी में कांग्रेस की ओर से उठाए गए कथित शुद्धिकरण विवाद को लेकर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है और इसे उन्होंने विभाजनकारी राजनीति बताया।
नितिन नबीन ने कहा कि उत्तराखंड की भूमि अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के लिए जानी जाती है। उन्होंने कांग्रेस पर इस पवित्र भूमि पर राजनीतिक विवाद खड़ा करने का आरोप लगाते हुए इसे राजनीतिक षड्यंत्र बताया।
दलित मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
अपने संबोधन में नितिन नबीन ने कांग्रेस के इतिहास और दलित राजनीति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने सीताराम केसरी, डॉ. भीमराव आंबेडकर और बाबू जगजीवन राम से जुड़े राजनीतिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर दलितों के साथ उचित व्यवहार नहीं करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज दलित सम्मान की बात करती है, लेकिन भाजपा के अनुसार दलितों के सम्मान और आंबेडकर के योगदान को आगे बढ़ाने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थों के विकास का भी उल्लेख किया।
370 का जिक्र कर कांग्रेस पर हमला
नितिन नबीन ने जम्मू-कश्मीर में लंबे समय तक लागू रही धारा 370 का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय वाल्मीकि समाज के लोगों के सामने रोजगार को लेकर कई तरह की सीमाएं थीं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने ऐसे वर्गों के सम्मान और अवसरों को बढ़ाने की दिशा में काम किया है।
उत्तराखंड के विकास कार्यों की तारीफ
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उत्तराखंड में चल रही विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें मिलकर प्रदेश के विकास के लिए काम कर रही हैं।
उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम ऑल वेदर रोड और अन्य सड़क परियोजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले पहाड़ी और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को लेकर जिस तरह की सोच थी….उसमें बदलाव आया है। अब सीमावर्ती गांवों को देश के प्रथम गांव के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी और सरकार की तारीफ
नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी पूरी टीम की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने भाजपा के विचार और संकल्प के अनुरूप कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।
उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने, महिलाओं की सरकारी सेवाओं और समितियों में भागीदारी बढ़ाने, शहीदों के आश्रितों को अनुग्रह राशि और दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास योजना के तहत होम स्टे से जुड़े फैसलों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा की जीत को केवल सरकार बनाने तक सीमित नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इसे पार्टी की विचारधारा की जीत के रूप में भी देखा जाता है।
सैनिकों के सम्मान का भी किया जिक्र
नितिन नबीन ने उत्तराखंड के सैनिकों और पूर्व सैनिकों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सैनिकों के सम्मान और उनके हितों को प्राथमिकता दी है। इस दौरान उन्होंने वन रैंक, वन पेंशन योजना का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास की सोच में बदलाव आया है। अब सीमावर्ती गांवों के विकास और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
‘राष्ट्र प्रथम’ के विचार पर दिया जोर
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के काम करने का मूल मंत्र ‘राष्ट्र प्रथम’ है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए देश सबसे पहले, पार्टी उसके बाद और स्वयं का हित सबसे अंत में आता है।
उन्होंने वंदे मातरम के मुद्दे को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा भारतीय संस्कृति और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देकर काम करती है।
मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
नितिन नबीन ने केंद्र की भाजपा सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश में विकास और आत्मनिर्भरता को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने स्टार्टअप, खेलो इंडिया, महिला सशक्तीकरण और लखपति दीदी जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि देश में करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव आया है और महिलाओं को विकास में नेतृत्व की भूमिका देने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने भी कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
कार्यसमिति में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी संबोधित किया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का प्रदेश के चार लोगों को अपनी टीम में स्थान देने के लिए आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से काम करने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को मजबूत और विकसित बनाने की दिशा में काम हो रहा है।
धामी ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री मोदी के हाथ मजबूत करने और विकसित उत्तराखंड के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने धारा 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण, नई शिक्षा नीति, तीन तलाक पर कानून और जीएसटी जैसे केंद्र सरकार के फैसलों का भी उल्लेख किया।
‘जनता के बीच जाकर उपलब्धियां बताएं’
मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने वाली कांग्रेस अब देश और विदेश में भ्रम और अफवाह फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर ऐसे दावों का जवाब देने और सरकार के कामों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘यह दशक उत्तराखंड का होगा’ संकल्प को पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार तेजी से काम कर रही है।
चारधाम यात्रा और आदि कैलाश का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में पर्यटन और धार्मिक यात्राओं से जुड़े आंकड़ों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंच चुके हैं।
उन्होंने आदि कैलाश यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि पहले जहां यहां आने वाले यात्रियों की संख्या 500 से भी कम रहती थी….वहीं इस वर्ष यह संख्या 60 हजार से अधिक पहुंच गई है।
धामी ने कहा कि प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का लाभ पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को भी मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड लेकर घर-घर पहुंचने और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए जुटने का आह्वान किया।
भाजपा की नजर अब 2027 के चुनाव पर
हल्द्वानी में हुई विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी संगठनात्मक तैयारियों का संकेत दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन में बार-बार संगठन, सरकार की उपलब्धियों और जनता के बीच पहुंचने पर जोर दिया गया।
पार्टी का फोकस अब सरकार के कामों को कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर तक पहुंचाने और आगामी चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करने पर है।






