
Lalkuan | Nitin Nabin | BJP : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार को लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के मोटाहल्दू स्थित जयपुर वीसा गांव पहुंचे और पार्टी के बूथ अध्यक्ष राकेश कुमार आर्य के घर जाकर परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घर पर चाय भी पी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के अचानक एक जमीनी कार्यकर्ता के घर पहुंचने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई।
नितिन नवीन गुरुवार को बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। पूजा के बाद लौटते समय उन्होंने अपना काफिला जयपुर वीसा गांव की ओर मोड़ दिया और भाजपा बूथ संख्या-17 के अध्यक्ष राकेश कुमार आर्य के घर पहुंच गए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के अचानक घर पहुंचने से राकेश आर्य और उनके परिवार के सदस्य भी हैरान रह गए। नितिन नवीन ने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ फोटो खिंचवाई और घर पर चाय पी।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दलित बूथ अध्यक्ष के घर पहुंचने को लेकर चर्चा
राकेश कुमार आर्य दलित समाज से आते हैं। ऐसे में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का उनके घर जाकर परिवार के साथ समय बिताना राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बन गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के प्रति नेतृत्व के सम्मान और सामाजिक समरसता से जोड़कर देखा।
राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को मौजूदा राजनीतिक माहौल के संदर्भ में भी देख रहे हैं। हाल ही में हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद कथित शुद्धिकरण को लेकर विवाद हुआ था। कांग्रेस ने इस मामले को दलित समाज के सम्मान से जोड़कर सवाल उठाए थे। इसी पृष्ठभूमि में नितिन नवीन का दलित बूथ अध्यक्ष के घर जाकर चाय पीना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया।
हालांकि नितिन नवीन की ओर से इस मुलाकात को लेकर कोई अलग राजनीतिक संदेश दिए जाने की बात सामने नहीं आई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे राष्ट्रीय अध्यक्ष की सहजता और जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधे जुड़ने की पहल बताया।
मुलाकात के दौरान क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कमल मुनि, धीरेंद्र रावत सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
फोटो परिचय: भाजपा बूथ अध्यक्ष राकेश कुमार आर्य के घर परिजनों से मुलाकात करते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन व अन्य।






