Uttarakhand News

नैनीताल आ रहे सैलानी ध्यान दें, भारी बर्फबारी के कारण शहर में वाहनों की NO ENTRY

नैनीताल: सरोवर नगरी में बीते दिनों बर्फबारी के कारण संपर्क मार्ग आवाजाही के लिए अवरुद्ध हो गए हैं। सिर्फ नैनीताल ही नहीं उत्तराखंड में कई पहाड़ी जगहों पर भारी बर्फबारी हुई। जिसकी वजह से मार्गों में फिसलन बढ़ गई है। इसलिए यातायात के लिए दिक्कतें पेश हो रही हैं। इसी क्रम में पुलिस ने अब नैनीताल आने वाले वाहनों को भी रोकने के निर्देश दिए हैं।

जी हां, पुलिस नैनीताल आने वाली गाड़ियों को काठगोदाम, कालाढूंगी और ज्योलीकोट पर ही रोक रही है। शहर के अंदर ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू होने के बाद ही वाहनों को नैनीताल में एंट्री दी जाएगी। बता दें कि गुरुवार की सुबह से ही नैनीताल में बर्फ बारिश शुरू हो गई थी। दो दिन तक लगातार यहां हिमपात हुआ। जिसकी वजह से कई सारे मार्ग आवाजाही के लिए अवरुद्ध हो गए हैं।

शुक्रवार देर रात मौसम तो खुला लेकिन पाला गिरने की वजह से परेशानी कम नहीं हुई। अब शहर के आंतरिक मार्गों के अलावा संपर्क मार्ग भी खासा फिसलन भरे बने हुए हैं। ऐसे में दुर्घटना की संभावनाओं को देखते हुए पुलिस ने शहर में वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी है। एसओ रोहिताश सिंह सागर ने जानकारी दी और बताया कि भवाली मार्ग बर्फबारी के कारण बंद ही पड़ा है। लोनिवि की टीम उसे खुलवाने में लगी हुई है।

उन्होंने बताया कि मार्गो में फिसलन होने के कारण यातायात रोक दिया गया है। हल्द्वानी मार्ग में भी अभी ट्रैफिक रोका गया है। हल्द्वानी से नैनीताल आने वाले वाहनों को काठगोदाम पर रोका जा रहा है। अगर गाड़ियां ऊपर गई तो भी ज्योलीकोट से ऊपर वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा।

कोतवाल प्रीतम सिंह ने बताया कि कालाढूंगी की तरफ से आने वाले वाहनों को कालाढूंगी में ही रोका जाएगा। नैनीताल की ओर जो गाड़ी आ रही हैं, उनको मंगोली पर भी रोका जा रहा है। फिलहाल लोनिवि ने अपने बुलडोजर काम पर लगा रखे हैं। अधिशासी अभियंता दीपक गुप्ता की मानें तो यातायात सुचारू होने में कम से कम 5 घंटे लग जाएंगे।

To Top