
Haldwani Drainage | Urban Development | Uttarakhand : मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से जूझ रहे हल्द्वानी शहर के लिए बड़ी राहत की खबर है। शहर के ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए करीब 1003.42 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी मिल गई है। पहले चरण में 195.64 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई है….जिसके बाद काम शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
योजना के तहत रकसिया और कलसिया नालों का सुधार किया जाएगा। नालों की लाइनिंग कर उनकी क्षमता बढ़ाई जाएगी ताकि बरसात का पानी तेजी से निकल सके। इसके अलावा बिजली, पानी और अन्य यूटिलिटी लाइनों को भी जरूरत के अनुसार स्थानांतरित किया जाएगा।
जलभराव वाले इलाकों में नए पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे और पुराने नालों को आपस में जोड़कर बरसाती पानी को सीधे नदी तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। इससे बारिश के दौरान सड़कों पर पानी भरने, ट्रैफिक जाम और जलजनित बीमारियों की समस्या कम होने की उम्मीद है।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार शासन से धनराशि जारी होते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। पहले चरण में उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी….जहां हर साल सबसे अधिक जलभराव होता है।
यह योजना केवल हल्द्वानी तक सीमित नहीं है। कुमाऊं क्षेत्र के कई अन्य शहरों और कस्बों में भी जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम किया जाएगा। इससे बारिश के दौरान लोगों को होने वाली परेशानियों में कमी आने की उम्मीद है।






