
Science City Uttarakhand | Pushkar Singh Dhami | UKOST : उत्तराखंड में विज्ञान और तकनीक को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि देहरादून में बन रही देश की पांचवीं साइंस सिटी का प्रदेशभर के स्कूली विद्यार्थियों को नियमित भ्रमण कराया जाए। उनका कहना है कि इससे बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित होगी और नवाचार के प्रति रुचि बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने यह बात आईआरडीटी सभागार में पायनियर समाचार पत्र समूह और उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) की ओर से आयोजित “Mainstreaming Science, Technology and Innovation for a Prosperous Uttarakhand” कार्यक्रम में कही।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में किसी भी राज्य या देश की प्रगति ज्ञान, विज्ञान और तकनीकी नवाचार पर निर्भर करती है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन, सेमीकंडक्टर और अन्य आधुनिक तकनीकें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में नई संभावनाएं पैदा कर रही हैं। इन क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी तेजी से बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और सही मंच मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार विज्ञान और नवाचार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं पर लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य की पहली विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति लागू की जा चुकी है। साथ ही साइंस एंड इनोवेशन सेंटर, स्टेम लैब्स, लैब्स ऑन व्हील्स, डिजिटल लाइब्रेरी, पेटेंट सूचना केंद्र और स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को केवल देवभूमि, वीरभूमि और खेलभूमि ही नहीं….बल्कि विज्ञान और नवाचार की भूमि के रूप में भी स्थापित करना है। इसके लिए वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, उद्योग जगत और शोध संस्थानों के सहयोग से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, पद्मश्री डॉ. बी.के. संजय सहित कई वैज्ञानिक, शिक्षाविद और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।






