Uttarakhand News

उत्तराखंड के 30 हज़ार राम भक्त करेंगे निःशुल्क राम लला के दर्शन, जानिए क्या है भाजपा की रणनीति

Ram Mandir Update: Uttarakhand Ram Darshan:

अयोध्या में राम मंदिर उदघाटन का उत्सव पूरे भारत ने 2024 की पहली दीपावली के रूप में मनाया। भगवान राम के बाल स्वरुप की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम की धूम भारत के साथ विदेशों में भी देखने को मिली। 500 वर्ष बाद बने राम मंदिर में राम लला के दर्शन करने के लिए करोड़ों भक्त उत्सुक हैं। जिसके लिए भाजपा उत्तराखंड ने हर लोकसभा क्षेत्र से 6000 भक्तों को राम मंदिर दर्शन कराने की रणनीति बनाई है। इसका मतलब केवल उत्तराखंड से भाजपा 30 हज़ार भक्तों को अयोध्या राम मंदिर के दर्शन कराने जा रही है।

आपको बता दें कि भाजपा का यह कार्यक्रम 25 जनवरी यानी आज से शुरू हो गया है जो 25 मार्च तक चलने वाला है। जिसके अंतर्गत भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने हर लोक सभा सीट से 6000 लोगों को राम मंदिर में दर्शन कराने की रणनीति बनाई है। जैसा की आप जानते हैं उत्तराखंड में 5 लोकसभा सीटें हैं जिसका मतलब उत्तराखंड से 30 हज़ार लोगों को निःशुल्क राम लला के दर्शन कराने का बेड़ा भाजपा ने उठाया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने बताया की पूरे प्रदेश में राम भक्तों को भाजपा द्वारा निःशुल्क राम लला के दर्शन हेतु जानकारी पहुंचाने एवं उनकी सहायता करने के लिए जिला स्तर पर टोलियां गठित की गई हैं। जिनका लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को इस विषय की जानकारी देना एवं इच्छुक राम भक्तों की यात्रा के लिए व्यवस्था करना होगा।

राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा राम मंदिर उदघाटन से पहले हर घर, अयोध्या से पूजित अक्षत और निमंत्रण पत्र आदर सहित पहुंचाए जा चुके हैं। राम मंदिर उदघाटन के बाद अब राम लला के दर्शन हेतु लाखों भक्तों का तांता लगा हुआ है। जिसमें भक्तों को व्यवस्थित रूप से राम लला के दर्शन कराने हेतु भाजपा ने कमान संभाली है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री धामी भी अपने मंत्रिमंडल के साथ राम लला के दर्शन हेतु बहुत जल्द जा सकते हैं।

To Top